बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री और भंडारण का खेल थमता नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को नगर निगम ने सिंधी बस्ती में कार्रवाई की तो एक किराना दुकान से जुड़े गोदाम में बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक और उससे बनी सामग्री मिली। खास बात यह है कि कार्रवाई से पहले निगम के सेक्टर अधिकारी खुद ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। प्लास्टिक सामग्री मांगी, उपलब्धता की पुष्टि की और फिर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सहायक आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने दुकान और गोदाम पर दबिश देकर एक ट्रॉली से ज्यादा सामग्री जब्त कर ली।
कार्रवाई बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सिंधी बस्ती स्थित आशीर्वाद किराना दुकान और उससे जुड़े गोदाम पर की गई। नगर निगम की टीम ने यहां से सिंगल यूज प्लास्टिक के साथ प्लास्टिक की कटोरी, प्लेट, ग्लास और चम्मच सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की। जब्त माल इतना था कि उसे ले जाने के लिए ट्रॉली लगाना पड़ी। नगर निगम के मुताबिक अब संबंधित विक्रेता पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। दो दिन पहले ही निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने अधिकारियों की बैठक लेकर सिंगल यूज प्लास्टिक के भंडारण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद शहर में निगरानी बढ़ाई गई और बुधवार को यह बड़ी खेप निगम के हाथ लगी।
Table of Contents
शक हुआ तो ग्राहक बनकर पहुंचे सेक्टर अधिकारी
कार्रवाई की शुरुआत नगर निगम के सेक्टर अधिकारी अजय कनाड़े की सूचना से हुई। कनाड़े के मुताबिक वे सिंधी बस्ती स्थित आशीर्वाद किराना दुकान पर सामान्य ग्राहक की तरह पहुंचे और सिंगल यूज प्लास्टिक से बनी सामग्री खरीदने की बात कही। दुकान पर सामग्री उपलब्ध होने की पुष्टि के साथ ही उससे जुड़े गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखे होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कनाड़े ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त स्वर्णिमा वर्मा निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने दुकान के साथ गोदाम की भी जांच की। यहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की कटोरी, प्लेट, ग्लास, चम्मच सहित अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री मिली। निगम कर्मचारियों ने इसे जब्त करना शुरू किया तो एक ट्रॉली से ज्यादा माल निकला।
दुकान से ज्यादा गोदाम पर नजर, अंदर जमा था माल
कार्रवाई ने निगम के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है। प्रतिबंधित सामग्री केवल दुकानों पर खुले तौर पर रखी मिले, यह जरूरी नहीं है। बुधवार की कार्रवाई में दुकान से जुड़े गोदाम तक पहुंचने के बाद बड़ी मात्रा में सामग्री सामने आई। ऐसे में निगम अब बिक्री के साथ भंडारण पर भी नजर रखने की बात कह रहा है। सहायक आयुक्त स्वर्णिमा वर्मा ने बताया कि सेक्टर अधिकारी से मिली सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक और उससे बनी सामग्री मिलने पर उसे जब्त किया गया है। संबंधित विक्रेता के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
दो दिन पहले ही आयुक्त ने कहा था—सख्ती से करें कार्रवाई
नगर निगम की यह कार्रवाई अचानक शुरू हुआ अभियान नहीं है। दो दिन पहले निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने सभी सेक्टर अधिकारियों और सुपरवाइजरों की बैठक ली थी। बैठक में शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और भंडारण को रोकने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। आयुक्त ने साफ किया था कि केवल बाजार में दिखाई देने वाली सामग्री तक कार्रवाई सीमित न रखी जाए, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के भंडारण और बिक्री पर भी नजर रखी जाए। इसके बाद सेक्टर स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
6 सेक्टर अधिकारियों को जिम्मा, अपने क्षेत्र में रखेंगे नजर
नगर निगम ने अभियान के लिए 6 सेक्टर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की बिक्री और भंडारण पर निगरानी रखने को कहा गया है। बुधवार की कार्रवाई में भी सेक्टर स्तर पर मिली सूचना ही दबिश का आधार बनी। अब निगम के सामने चुनौती अभियान को लगातार जारी रखने की है। क्योंकि एक ही दुकान से जुड़े गोदाम से एक ट्रॉली से ज्यादा सामग्री मिलना यह सवाल जरूर खड़ा करता है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक की सप्लाई और भंडारण का दायरा कितना बड़ा है। निगम की आगे की कार्रवाई में यह भी साफ हो सकेगा कि ऐसी सामग्री किन अन्य दुकानों और गोदामों में रखी जा रही है।
120 माइक्रॉन से कम कैरी बैग प्रतिबंधित
निगम के अनुसार 120 माइक्रॉन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग प्रतिबंधित हैं। इसके साथ प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाली सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री तथा थर्माकोल से बने डिस्पोजेबल उत्पादों के उपयोग और बिक्री पर भी कार्रवाई के निर्देश हैं। बुधवार की कार्रवाई में निगम ने प्लास्टिक की कटोरी, प्लेट, ग्लास और चम्मच सहित एक ट्रॉली से ज्यादा सामग्री जब्त की है। संबंधित विक्रेता पर जुर्माने की प्रक्रिया की जा रही है।
बड़ा सवाल: प्रतिबंध के बाद भी कहां से आ रही इतनी प्लास्टिक?
एक गोदाम से एक ट्रॉली से ज्यादा सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री मिलने के बाद बड़ा सवाल इसकी सप्लाई को लेकर भी है। प्रतिबंध के बावजूद यदि इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री दुकान और गोदाम तक पहुंच रही है तो इसकी आपूर्ति कहां से हो रही है? शहर में ऐसे और कितने स्टॉक मौजूद हैं? फिलहाल निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान से सामग्री जब्त की है। अभियान लगातार चला तो प्रतिबंधित प्लास्टिक की सप्लाई और भंडारण से जुड़ी और परतें भी सामने आ सकती हैं।



