-
Table of Contents
निर्माण कार्यों में तेजी, अवैध अतिक्रमण पर सीधी कार्रवाई के निर्देश
-
CM हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, जनसुनवाई—हर शिकायत का तय समय में समाधान जरूरी
बुरहानपुर। नगर निगम के एमआईसी हॉल में मंगलवार को हुई साप्ताहिक टी.एल. बैठक में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव का रुख सख्त दिखा। बैठक में नगर के लंबित कार्य, जनता की शिकायतें, सफाई व्यवस्था और निर्माण प्रोजेक्ट्स पर बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया—अब कोई भी काम पेंडिंग नहीं रहना चाहिए, जिम्मेदार अधिकारी सीधे कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
CM हेल्पलाइन पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक की शुरुआत में आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन और जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा: शिकायतें समय सीमा में हल होनी चाहिए। यदि कोई प्रकरण लंबित मिला, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी। जनता के फीडबैक से ही हमारी जवाबदेही तय होती है। आयुक्त ने सामाजिक योजनाओं की स्थिति पूछते हुए पेंशन प्रकरण, संबल योजना कार्ड वितरण और ई-केवाईसी अपडेशन के काम में तेजी लाने को कहा।
निर्माण कार्यों में तेजी, अतिक्रमण हटाने के आदेश
• संजीवनी क्लीनिक जैसे निर्माणाधीन कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश
• पेंडिंग प्रोजेक्ट्स की विभागवार सूची बनाकर सप्ताह में दो बार प्रगति रिपोर्ट मांगी जाएगी
• छत्तीसगढ़ से आई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण गिराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए
सफाई पर विशेष जोर: हर वार्ड में हो नालियों की नियमित सफाई
• स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और नालियों की सफाई को गंभीरता से लेने को कहा गया
• उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल को निर्देश दिए कि वार्ड प्रभारी, दरोगा और सफाई सहायकों के कार्यों की समीक्षा कर रोज़ाना प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें
वायुदूत ऐप अनिवार्य, पौधारोपण पर सख्ती
निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने पर्यावरणीय जागरूकता के अंतर्गत ‘वायुदूत’ मोबाइल ऐप की प्रगति पूछी और कहा कि सभी निगमकर्मी अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड करें और पौधारोपण की तस्वीरें अपलोड करें। इससे ग्रीन बुरहानपुर अभियान को बल मिलेगा।
PMAY पर सख्ती, बाढ़ राहत पर तैयारी
• प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में जिन लाभार्थियों ने राशि तो ली, लेकिन मकान नहीं बनाया—उन पर कार्रवाई के निर्देश
• आगामी बाढ़ आपदा को लेकर 7 राहत सेंटर (धर्मशालाएं, स्कूल आदि) चिन्हित किए गए हैं
• नदी किनारे के अति संवेदनशील इलाकों में सतर्कता और आपात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली गई
बैठक में कौन-कौन रहा शामिल?
बैठक में कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक आयुक्त स्वर्णिमा वर्मा, रितेश पाटीदार, लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, योजना प्रभारी संजय शाह, राजस्व अधिकारी शशिकांत पवित्रे, स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, कर्मचारी धीरेंद्र सिंह सिकरवार, हरिश मोरे, शुभम जायसवाल सहित नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।