राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

दुर्गा विसर्जन जुलूस पर पथराव: युवक घायल, मूर्ति खंडित – देर रात तक बवाल; 4 गिरफ्तार

- नयाखेड़ा में डीजे पर गाना बजाने से भड़का विवाद, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन; 10 पर FIR

On: October 2, 2025 1:38 PM
Follow Us:
“बुरहानपुर दुर्गा विसर्जन जुलूस पर पथराव की घटना – पुलिस और प्रदर्शनकारी”

बुरहानपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान नेपानगर तहसील के नयाखेड़ा गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि पथराव हो गया। इसमें एक युवक घायल हो गया और ट्रैक्टर पर रखी एक छोटी मूर्ति खंडित हो गई।

घटना के बाद देर रात तक हिंदू संगठनों ने नावरा चौकी का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया है, जिनमें से 4 को हिरासत में ले लिया गया है। गांव और आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

डीजे बंद करने पर भड़का विवाद, पथराव तक पहुँचा मामला

फरियादी मुकेश (19), पिता ओमप्रकाश राजपूत ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे। जैसे ही जुलूस नदीम किराना दुकान के पास पहुंचा, इरफान पिता रशीद खान ने डीजे पर गाना बजाने से मना किया और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान इरफान ने पत्थर फेंका, जो सीधे मुकेश के सिर पर लगा। पत्थर लगने से ट्रैक्टर पर रखी छोटी प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद लड्डू, शाकिर, मुख्तयार, जलील, शोयब और अन्य आरोपी भी आ गए और पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक – 430/2025 की धारा – 190, 191(2), 296, 299, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मौके पर भगदड़, युवक घायल – मूर्ति खंडित

पथराव के बीच भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिलाएं और बच्चे डरकर भागने लगे। इस दौरान मुकेश घायल हो गया। वहीं ट्रैक्टर पर रखी प्रतिमा का एक हिस्सा टूट गया। फरियादी मुकेश राजपूत ने कहा हम लोग विसर्जन कर रहे थे, तभी हमला कर दिया गया। हमारी आस्था से खिलवाड़ हुआ है। वही

वीएचपी नेता शंकर चौहान ने बताया घटना के बाद पुलिस ने प्रतिमा विसर्जन को ले जाने कहा, हम विसर्जित करने के बाद शिकायत करने जा रहे थे तभी मेरे ऊपर हमला किया गया।

देर रात तक बवाल, विधायक भी पहुँचीं

घटना की सूचना मिलते ही नेपानगर थाना और नावरा चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और हालात काबू में किए। बावजूद इसके देर रात तक हिंदू संगठन चौकी पर जमा रहे। उनका कहना था कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।रात करीब साढ़े 9 बजे नेपानगर विधायक मंजू दादू भी चौकी पहुँचीं और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। इसके बाद स्थिति शांत हुई।

पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई

नेपानगर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया है। इनमें –

  1. इरफान पिता रशीद खान
  2. लड्डू पिता सईद खान
  3. शाकिर पिता गुलाब
  4. मुख्तयार पिता लियाकत
  5. जलील पिता रमजान
  6. खालीक पिता मोहम्मद
  7. इलियाज पिता इशाक खान
  8. अकील खान
  9. हमीद हुसैन
  10. शोयब पिता दौलत शामिल हैं। इनमें से चार आरोपियों – इरफान, मुख्तयार, शाकिर और शोयब को हिरासत में ले लिया गया है।
प्रशासन बोला – छोटा विवाद था, हालात काबू में

एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने कहा –यह एक छोटा विवाद था, जिसे शांत करा दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

एसडीएम भागीरथ वाखला ने भी हालात सामान्य होने की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव और आसपास एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

विश्लेषण: त्योहारों में बढ़ती संवेदनशीलता, प्रशासन की सख्ती जरूरी

बुरहानपुर जिला अतिसंवेदनशील है, पिछले कुछ समय में लगातार हो रही घटनाए प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई है। यहाँ साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों में बढ़ती संवेदनशीलता से निपटने के लिए प्रशासन की सख्ती जरुरी है। नयाखेड़ा की घटना यह सवाल खड़ा करती है कि त्योहारों में मामूली विवाद भी क्यों हिंसक हो जाते हैं। डीजे पर गाना बजाना और रोकना – यह बहस का विषय हो सकता है, लेकिन पत्थरबाजी और धमकी जैसी घटनाएँ माहौल बिगाड़ देती हैं।

विशेषज्ञ मानते हैं कि प्रशासन को ऐसे आयोजनों में और सतर्क रहना होगा। वहीं, समाज के दोनों पक्षों को भी सहिष्णुता और संवाद बनाए रखना होगा, ताकि आस्था और उल्लास का पर्व विवादों की भेंट न चढ़े।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser