-
दुर्गा माता विसर्जन से लौटते समय पलटा डीजे वाहन
बुरहानपुर। शनिवार सुबह बुरहानपुर जिले के करोली-दर्यापुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से दुर्गा माता विसर्जन का कार्यक्रम पूरा कर लौट रहे युवकों का डीजे वाहन घाट पर अचानक ब्रेक फेल होने से पलट गया। इस हादसे में दापोरा निवासी 25 वर्षीय सोहेल शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात युवक घायल हो गए।
दरअसल डीजे वाहन में कुल 8 लोग सवार थे। यह वाहन महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से दुर्गा माता विसर्जन कार्यक्रम के बाद दापोरा लौट रहा था। करोली घाट पर अचानक ब्रेक फेल हो गए और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
एंबुलेंस पर आक्रोश
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस के देर से पहुँचने पर नाराज़गी जताई। 108 एंबुलेंस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंकित नागर ने बताया कि सूचना मिलते ही वाहन को रवाना कर दिया गया था। शिकारपुरा थाने के आरक्षक जितेंद्र दांगोड़े ने बताया कि गंभीर घायलों को डायल 112 और एफआरबी-4 के जरिए जिला अस्पताल पहुँचाया गया।
मृतक और घायल
- मृतक: सोहेल शाह (25), निवासी दापोरा
- घायल: युनुस शाह, आफताब, रिहान शाह, शाहिद शाह, मिथुन, सागर और युनुस
- सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, डॉक्टरों के अनुसार किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
पुलिस जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुँची और वाहन को हटाने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होना प्राथमिक कारण माना जा रहा है।