बुरहानपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की बड़ी जीत के बाद पूरे बुरहानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर रहा। शुक्रवार शाम कमल तिराहे पर भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों का जमावड़ा लगा। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, ढोल बजाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। माहौल पूर्ण रूप से उत्सव जैसा था।
शाम होते ही कमल तिराहा भगवे रंग में रंग गया। सैकड़ों कार्यकर्ता “मोदी-मोदी”, “एनडीए जिंदाबाद”, “विकास की जीत” जैसे नारे लगाते दिखे। पटाखों की आवाज और ढोल-ताशों की थाप से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने का तीखा बयान—कांग्रेस-आरजेडी पर चली सूनामी
जश्न के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने कहा बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के लिए सूनामी चली है। कांग्रेस तो 2–3 सीटों पर सिमटकर रह गई। जितनी संख्या में नगर परिषदों में पार्षद होते हैं, उससे भी कम संख्या में वहां कांग्रेस के विधायक आए। यह जनता का स्पष्ट संदेश है कि परिवारवाद, तुष्टिकरण और सनातन को अपमानित करने की राजनीति अब नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि यह जीत राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए कठोर सबक है और उन्हें नीतियों में बदलाव लाना चाहिए।
पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस का आभार— मिथिला ने विकास और सुशासन को वोट दिया
बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की प्रवासी प्रभारी के रूप में दायित्व निभा रहीं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने भी बुरहानपुर में कार्यकर्ताओं संग आतिशबाजी कर खुशी जताई। उन्होंने कहा अलीनगर से एनडीए की उम्मीदवार मैथिली ठाकुर की प्रचंड जीत ने न केवल मिथिला की जनता की भावना को प्रकट किया है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की नीतियों और सुशासन को जनता का शानदार समर्थन मिला है। यह विजय अलीनगर की जागरूक जनता द्वारा प्रगतिशील राजनीति को दिया गया जनादेश है। उन्होंने चुनाव अभियान के दौरान जनता से मिले भारी समर्थन को इस ऐतिहासिक जीत का सूत्र बताया।
नेपानगर विधायक मंजू दादू: बिहार की जनता ने दीपावली उपहार दिया
नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी जी की मेहनत का फल मिल रहा है। बिहार की जनता ने एनडीए को जीत सौंपकर दीपावली का उपहार दिया है। जनता अब बहुत समझदार है और विकास चाहती है।
ये रहे मौजूद
जश्न के दौरान महापौर माधुरी अतुल पटेल, दिलीप श्रॉफ, प्रदीप पाटिल, चिंतामन महाजन, वीरेन्द्र तिवारी, कैलाश पारीक, नरहरी दीक्षित, बलराज नावानी, गजेन्द्र पाटिल सहित भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और क्षेत्र में पटाखे फोड़कर जीत का स्वागत किया।
नेपानगर में फूटे पटाखे, गजेन्द्र पाटिल ने कहा: अराजकता को नकारा
बुरहानपुर की तरह नेपानगर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौराहे पर एकत्र होकर जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेता गजेन्द्र पाटिल ने कहा एनडीए की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, नीतीश कुमार के सुशासन और जनता के विश्वास की जीत है। बिहार ने साफ कर दिया है कि अब अराजकता और गुंडागर्दी की राजनीति को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।