बुरहानपुर। जिले में खेती-किसानी के औज़ारों की चोरी करने वाले गिरोह पर गणपतिनाका पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। खेत से चोरी हुआ SWAN कंपनी का महंगा गरुड़ रोटावेटर पुलिस ने मात्र कुछ घंटों की ताबड़तोड़ कार्रवाई में बरामद कर लिया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जप्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई किसानों के बीच राहत और पुलिस की सक्रियता का मजबूत संदेश बनकर सामने आई है।
75 वर्षीय किसान की शिकायत के बाद पुलिस अलर्ट
दरअसल घटना 13 नवंबर की है। फूलचंद महाजन (75), निवासी लोधीपुरा, ने गणपतिनाका थाने पहुंचकर बताया कि उनके खेत में रखा SWAN कंपनी का पीले रंग का रोटावेटर रात में अज्ञात चोर चुरा ले गए। किसान ने बताया कि खेत और आसपास इलाके में तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शिकायत पर अपराध क्रमांक 253/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया।
SP पाटीदार ने दिए सख्त निर्देश, पुलिस एक्शन मोड में
जिले में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी दिशा में एएसपी अंतर सिंह कनेश और सीएसपी गौरव पाटिल की निगरानी में गणपतिनाका पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी।
CCTV फुटेज और मुखबिर ने खोली चोरी की कहानी
थाना प्रभारी सुरेश महाले ने विशेष टीम गठित की। आसपास के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की गई, खेतों और गांवों में सक्रिय मुखबिरों को लगाया गया, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तफ्तीश में तीन संदिग्धों की पहचान हुई और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्त पूछताछ में आरोपियों ने चोरी कबूल कर ली।
गिरफ्तार हुए तीन आरोपी – रोटावेटर अपने ही खेत में छुपा रखा था
पकड़े गए आरोपी प्रशांत धनपालसिंह ठाकुर (40), निवासी हनुमान नगर, लोधीपुरा, अजय धरमसिंह सोलंकी (21), निवासी ग्राम निम्ना और सुरसिंह प्रेमासिंह भिलाला (40), निवासी ग्राम नसीराबाद आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किया रोटावेटर उन्होंने अपने खेत में छिपाकर रखा था और मौका देखकर बेचने की फिराक में थे।
एक लाख का माल बरामद: रोटावेटर और ट्रैक्टर
तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने स्वान कंपनी का रोटावेटर (कीमती 1 लाख रु.), घटना में उपयोग ट्रैक्टर बरामद कर लिया। चोरी गया सामान सही सलामत मिलते ही किसान और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इनका रहा सराहनीय योगदान
थाना प्रभारी सुरेश महाले, उनि किशोरसिंह मोहनिया, प्र.आर. देवेन्द्र पवार, प्र.आर संतोष चौहान, प्र.आर. गोविंद सावनेर, प्र.आर. राधेश्याम दांगोडे, आर. प्रधान बडोले टीम की मुस्तैदी से एक और चोरी का मामला चंद घंटों में हल हो सका।