राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

रेलवे लाइन की जद में 150 मकान: नोटिस मिलते ही सड़क पर उतरे रहवासी, बोले—पहले बसाओ फिर हटाओ

- भुसावल-खंडवा तीसरी-चौथी लाइन परियोजना से नेपानगर के संजय नगर पर संकट, 30 दिन में मकान खाली करने का नोटिस

On: March 11, 2026 8:38 PM
Follow Us:
रेलवे लाइन से प्रभावित 150 मकान नेपानगर
  • कांग्रेस नेताओं के साथ नारेबाजी कर डीआरएम व कलेक्टर के नाम ज्ञापन; मांग—मकान के बदले मकान, नई जगह पूरी सुविधा के साथ बसाया जाए

बुरहानपुर। भुसावल-खंडवा के बीच प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के विस्तार ने नेपानगर के संजय नगर वार्ड क्रमांक-9 के करीब 150 परिवारों की नींद उड़ा दी है। रेलवे की ओर से 30 दिन में मकान खाली करने के नोटिस मिलते ही रहवासी सड़क पर उतर आए। उनका साफ कहना है पहले हमें बसाया जाए, उसके बाद ही मकान खाली करेंगे। मकान के बदले मकान चाहिए।

बुधवार को बड़ी संख्या में रहवासी कांग्रेस नेताओं के साथ नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन प्रबंधक को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया।

रहवासियों का कहना है कि वे पिछले कई दशकों से इस जमीन पर रह रहे हैं और अपनी जमा-पूंजी लगाकर पक्के मकान बनाए हैं। अचानक नोटिस देकर 30 दिन में मकान खाली करने का आदेश देना उनके लिए बड़ा संकट बन गया है। लोगों का कहना है कि परिवारों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर वे जाएं तो जाएं कहां।

60 साल से बसे परिवार, अब उजड़ने का डर

रहवासियों ने बताया कि करीब 60 साल पहले नेपा लिमिटेड द्वारा यह जमीन आवंटित की गई थी। इसके बाद लोगों ने यहां एक से लेकर दो-तीन मंजिला तक मकान बना लिए। कई मकान कच्चे भी हैं, लेकिन उनमें भी वर्षों से परिवार रह रहे हैं। अब रेलवे लाइन विस्तार की जद में आने के कारण सभी मकानों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

रहवासियों ने कहा कि वे विकास कार्यों का विरोध नहीं कर रहे हैं और रेलवे लाइन विस्तार में प्रशासन का सहयोग करना चाहते हैं, लेकिन जिन मकानों में उन्होंने जीवनभर की कमाई लगा दी, उन्हें अचानक छोड़ देना संभव नहीं है। इसलिए पहले पुनर्वास और फिर विस्थापन की व्यवस्था की जाए।

यह रखीं प्रमुख मांगें
  • नया मकान निर्माण करने के लिए कम से कम छह माह की अवधि का समय दिया जाए।
  • विस्थापन के लिए जो भी भूखंड दिया जाएगा उस भूखंड पर रोड, नाली, बिजली के खंभे, शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था हो।
  • यहां से हटाने से पहले नई जगह की व्यवस्था कर हमारा विस्थापन किया जाए।
 ये रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैस, ग्रामीण कार्यकारी जिलाध्यक्ष जगमीत सिंह जॉली, नगर पालिका अध्यक्ष भारती पाटील सहित अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में संजय नगर के रहवासी मौजूद रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser