बुरहानपुर। शहर के नेहरू नगर शिकारपुरा इलाके में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। बकाया बिल के कारण कनेक्शन काटे जाने के बाद भी स्मार्ट मीटर की सील तोड़कर मीटर बायपास कर अवैध तरीके से बिजली उपयोग किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर जब बिजली कंपनी की टीम मीटर निकालने पहुंची तो मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में मीटर निकालने की कार्रवाई पूरी की गई।
बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार श्यामराव शंकर के नाम से दर्ज मीटर का उपयोगकर्ता नेहरू नगर शिकारपुरा निवासी मरी माई पिता श्यामराव शंकर और सोनाली सीगोकर हैं। उपभोक्ता पर नवंबर 2025 से 16,083 रुपए का बिजली बिल बकाया था। बिल जमा नहीं होने पर पहले ही लाइन डिस्कनेक्ट कर दी गई थी। बताया गया कि इसके बाद उपभोक्ता ने मीटर की सील तोड़कर इनकमिंग फेज वायर को आउटगोइंग फेज वायर से जोड़ दिया, जिससे मीटर बायपास कर बिजली का अनधिकृत उपयोग किया जा रहा था।
स्मार्ट मीटर ने खोली पोल
बिजली कंपनी के अनुसार स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ होने पर उसकी पूरी गतिविधि सिस्टम में रिकॉर्ड हो जाती है। तकनीकी जांच के दौरान संबंधित मीटर में अनियमितता सामने आई। इसके बाद स्मार्ट मीटर सेल ने अधिकारियों को सूचना दी, जिसके आधार पर टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची।
मीटर निकालने पहुंची टीम का विरोध
जांच के दौरान जब बिजली कंपनी की टीम मीटर निकालने पहुंची तो उपयोगकर्ता मरी बाई ने विरोध दर्ज कराया और मीटर निकालने से रोकने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख अधिकारियों ने तुरंत डायल-100 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही शिकारपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में बिजली कंपनी की टीम ने स्मार्ट मीटर निकालकर जब्त किया और पूरी कार्रवाई पूरी कराई।
बिजली चोरी करना गंभीर अपराध
अधिकारियों ने बताया कि मीटर बायपास कर बिजली का अनधिकृत उपयोग करना गंभीर अपराध है। मामले में नियमानुसार आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। शहर में इस कार्रवाई के बाद बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है, जबकि बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर तकनीक के कारण अब चोरी छिपाना आसान नहीं है और ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।