बुरहानपुर। गणेशोत्सव से पहले पुलिस ने सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक सुरक्षा घेरा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को निमाड़ रेंज डीआईजी सिमाला प्रसाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था परखने बुरहानपुर पहुंचीं। कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक ली, सीसीटीवी और डायल-112 कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं देखीं और इसके बाद पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
इधर, त्योहार के दौरान विवाद और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए आदतन अपराधियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने 9 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा। एसपी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में ऐसे तत्वों पर नजर रखने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का फोकस केवल सड़कों पर बल तैनात करने तक सीमित नहीं है। गणेशोत्सव के दौरान सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी, फिक्स पिकेट, मोबाइल-बाइक पेट्रोलिंग और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए कानून-व्यवस्था पर नजर रखने की तैयारी है।
Table of Contents
डीआईजी ने बैठक लेकर परखी त्योहार की सुरक्षा तैयारी
एक दिवसीय दौरे पर आईं डीआईजी सिमाला प्रसाद ने पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक लेकर गणेशोत्सव सहित आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और डायल-112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने, लगातार पेट्रोलिंग करने और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील इलाकों से गुजरा पुलिस का फ्लैग मार्च
बैठक के बाद डीआईजी पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरीं। फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक, शनि मंदिर, बाई साहब की हवेली, पांडूमल चौराहा, कमल चौक, जय स्तंभ और मंडी चौक सहित प्रमुख क्षेत्रों से गुजरते हुए वापस कंट्रोल रूम पहुंचा। डीआईजी सिमाला प्रसाद ने जिलेवासियों से त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है तथा किसी भी तरह की अशांति या अव्यवस्था को सहन नहीं किया जाएगा।
आसमान में ड्रोन, सड़कों पर पिकेट
गणेशोत्सव के दौरान शहर में सीसीटीवी के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। जिलेभर में फिक्स पिकेट लगाए जाएंगे और सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल व बाइक पार्टियां लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की तैयारी है।
सोशल मीडिया भी रडार पर
पुलिस की टेक्निकल टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखेगी। पुलिस के अनुसार आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने, फॉरवर्ड करने या लाइक करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर 9 को जेल भेजा
त्योहारों से पहले कोतवाली पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत शनिवार दोपहर 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा। कोतवाली थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने बताया कि ऐसे आपराधिक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है, जो नशा कर विवाद करते हैं और जिनसे शहर की शांति भंग होने की आशंका रहती है। ऐसे लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। एसपी आशुतोष बागरी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में आदतन अपराधियों पर नजर रखने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार यह अभियान अन्य थाना क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।
फ्लैग मार्च में उतरा पुलिस अमला
फ्लैग मार्च में डीआईजी सिमाला प्रसाद, एसपी आशुतोष बागरी, एएसपी प्रदीप शेण्डे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी सुनील दीक्षित, रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर सहित कोतवाली, शिकारपुरा, गणपति नाका, लालबाग, यातायात और अन्य थानों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।



