Homeबुरहानपुरफसलों की आड़ में नशे की खेती...

फसलों की आड़ में नशे की खेती की तो खेत मालिक पर कार्रवाई, स्कूल में गुटखा खाते मिले शिक्षक तो जुर्माना और नोटिस

- नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती; स्कूल-कॉलेजों में लगेंगे विशेष QR कोड, शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गोपनीय

बुरहानपुर। जिले में फसलों की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध खेती और नशीली दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब खेतों में सामान्य फसलों के बीच मादक पदार्थों के पौधे मिलने पर संबंधित खेत मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षक गुटखा या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए तो उन पर निर्धारित जुर्माना लगाने के साथ नोटिस भी जारी होगा। कलेक्टर विवेक कुमार ने गुरुवार को नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।

Sadaiv News
अवैध नशीली खेती पर कार्रवाई और स्कूलों में गुटखा सेवन पर जुर्माने के निर्देश

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़े विभागों और सामाजिक न्याय विभाग को भी अपने स्तर पर निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

खेतों में नशीले पौधे मिले तो होगी जांच और कार्रवाई

कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि खेतों में फसलों के बीच मादक पदार्थों के पौधे पाए जाने पर संबंधित खेत मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपने कार्यक्षेत्र में सतत निगरानी रखने और अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

स्कूलों में शिक्षक गुटखा खाते मिले तो नोटिस, विद्यार्थियों के लिए बनेंगी समितियां

कलेक्टर ने सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में नशे की रोकथाम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षक गुटखा या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए तो निर्धारित जुर्माना लगाने के साथ संबंधित को नोटिस जारी किया जाएगा। शिक्षा, उच्च शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग को स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए गए।

नशा बेचने या सेवन करने वालों की सूचना QR कोड से दे सकेंगे

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बैठक में बताया कि नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए विशेष QR कोड तैयार किया गया है। इसे जिले के शिक्षण संस्थानों में चस्पा कराया जाएगा। इसके माध्यम से सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एसपी ने प्राचार्यों और छात्रावास अधीक्षकों को पुलिस कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि कहीं भी मादक पदार्थों का सेवन, खरीद या बिक्री होते दिखाई देने पर इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी जा सकती है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को QR कोड और कंट्रोल रूम नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

नशीली दवाओं की अनियमितता पर कार्रवाई, पुनर्वास केंद्रों की भी होगी निगरानी

कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग को नशामुक्ति गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने के साथ पुनर्वास केंद्रों के संचालन और उपलब्ध व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

बैठक में डीएफओ विद्याभूषण सिंह, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


 

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles