बुरहानपुर। महंगी खाद, बढ़ती मजदूरी, कटाई और परिवहन का खर्च… इसके बाद भी गन्ने का ऐसा दाम कि किसानों के हाथ में कुछ नहीं बच रहा। आखिर किसान कब तक कम कीमत पर गन्ना देते रहेंगे? महाराष्ट्र की तरह उचित मूल्य क्यों नहीं मिल सकता? मंगलवार को नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना झिरी में नए पिराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर किसानों ने कलेक्टर के सामने अपनी पीड़ा खुलकर रखी। किसानों ने साफ कहा कि उचित दाम नहीं मिले तो महाराष्ट्र में गन्ना देना उनकी मजबूरी होगी, जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।
किसानों के तेवरों के बीच कलेक्टर एवं कारखाने के प्रशासक विवेक कुमार ने मुनाफे में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा- मैं आपके बीच आया हूं और कह रहा हूं कि किसानों के साथ प्रॉफिट शेयरिंग होगी, तो वह होगी। इतना ही नहीं, कारखाने के प्रबंधन से जुड़े निर्णयों में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने की बात भी कही। इससे पहले कलेक्टर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कारखाने के नए पिराई सत्र का शुभारंभ किया।
Table of Contents
किसान बोले- महाराष्ट्र में ज्यादा दाम, यहां क्यों नहीं?
किसानों ने कलेक्टर के सामने महाराष्ट्र और स्थानीय शक्कर कारखाने की दरों में अंतर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कारखाने गन्ने की कटाई करवाकर उसे मंगवाते हैं, जबकि यहां कटाई और परिवहन का खर्च भी किसानों को उठाना पड़ता है। किसानों ने कहा कि बेहतर मूल्य और सब्सिडी मिलेगी तो क्षेत्र में गन्ने का रकबा भी बढ़ेगा। यदि स्थानीय कारखाने से उचित दाम नहीं मिले तो किसानों को मजबूर होकर महाराष्ट्र का रुख करना पड़ेगा।
आंदोलन की चेतावनी पर कलेक्टर बोले- मैं आपसे बात करने आया हूं
किसानों ने उचित मूल्य नहीं मिलने पर आंदोलन की बात कही तो कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि मैं यहां आपसे संवाद करने आया हूं, यहां आंदोलन की बात नहीं होनी चाहिए। गन्ने का कारोबार डायनामिक प्राइसिंग पर चलता है। किसानों को लाभ दिया जाएगा, लेकिन समय और परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लिए जाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि बीते वर्षों में कारखाना लाभ की ओर आगे बढ़ा है। इसमें किसानों का अच्छा सहयोग रहा है। अब किसानों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ निर्णय प्रक्रिया में उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी।
80 डेलीगेट्स में से चुने जाएंगे पांच किसान, हर फैसले में रहेंगे शामिल
कारखाने के संचालन और प्रबंधन में पारदर्शिता लाने के लिए कलेक्टर ने महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कारखाने के 80 डेलीगेट्स में से पांच किसानों का चयन कर एक समिति बनाई जाएगी। यह समिति प्रबंधन के प्रत्येक निर्णय में शामिल रहेगी। कारखाने से संबंधित मामलों में जब भी कोई टीम आएगी, किसानों की समिति भी साथ रहेगी। इस व्यवस्था के माध्यम से किसानों को कारखाने की गतिविधियों और निर्णयों की जानकारी मिल सकेगी।
पूर्व अध्यक्ष ने उठाया सवाल- आखिर किसानों के हाथ में क्या बचता है?
नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाने की पूर्व अध्यक्ष किशोरी देवी ठाकुर शिवकुमार सिंह ने भी किसानों की आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि किसानों की परेशानी पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। खाद महंगी हो गई है, गन्ने की कटाई का खर्च बढ़ गया है। खेती में लगातार बढ़ते खर्च के बावजूद किसानों के हाथ में कुछ नहीं आता।
किसानों ने बताया लागत और कमाई का गणित
गोपाल मराठा ने कहा- किसानों को गन्ने का मौजूदा मूल्य नहीं पुरता है। गन्ने का मूल्य 5500 रुपए किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र में बेहतर दाम मिल रहे हैं। पांच डेलीगेट्स की समिति बनाने का निर्णय अच्छा है। राजू पाटील ने कहा- गन्ने का मूल्य 5500 रुपए से अधिक होना चाहिए। कटाई और परिवहन का खर्च किसान उठाते हैं। यदि 4000 से 4200 रुपए मिलते हैं तो करीब एक हजार रुपए कटाई और परिवहन में ही खर्च हो जाएंगे। किसानों को 5500 से 6000 रुपए तक मूल्य मिलना चाहिए।
महाराष्ट्र में 1500 रुपए ज्यादा दाम मिलने का दावा, घटते गन्ने के रकबे पर चिंता
आदित्य वीर सिंह ने कहा कि स्थानीय शक्कर कारखाने की तुलना में महाराष्ट्र में गन्ने का मूल्य करीब 1500 रुपए अधिक है। क्षेत्र में गन्ने की खेती कम होती जा रही थी, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। उनके मुताबिक इस व्यवसाय से करीब डेढ़ से दो लाख लोग जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम 5500 रुपए का मूल्य मिलना चाहिए। इस बार कारखाने का पिराई सत्र भी देरी से शुरू हुआ है। हालांकि, पारदर्शिता के लिए किसानों की समिति गठित करने और उसके सामने सभी विषयों पर चर्चा करने का निर्णय सकारात्मक है।
मुनाफे में हिस्सेदारी का भरोसा मिला, लेकिन गन्ने के दाम पर फैसला नहीं
पिराई सत्र के शुभारंभ के साथ प्रशासन ने किसानों को कारखाने के मुनाफे में हिस्सेदारी देने और प्रबंधन के निर्णयों में शामिल करने का भरोसा जरूर दिया है, लेकिन गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की प्रमुख मांग पर कोई ठोस घोषणा नहीं हुई। अब बड़ा सवाल यह है कि किसानों को मुनाफे में कितनी हिस्सेदारी मिलेगी, उसका फार्मूला क्या होगा और गन्ने का अंतिम मूल्य कितना निर्धारित किया जाएगा? इन सवालों के जवाब आना अभी बाकी हैं। कारखाने को बेहतर स्थिति में पहुंचाने के लिए किसानों का सहयोग जरूरी है, लेकिन किसानों का सहयोग बनाए रखने के लिए उनकी उपज का लाभकारी मूल्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
वर्जन
किसानों का अच्छा सहयोग मिल रहा, प्रॉफिट शेयरिंग होगी
किसानों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। एक समिति का गठन किया जा रहा है, जो हर निर्णय में साथ होगी। जब भी कोई टीम आएगी, वह समिति साथ रहेगी। कारखाना लाभ की स्थिति में है। आगे भी हमारा प्रयास है कि इसे और बेहतर स्थिति में लाएं। — विवेक कुमार, कलेक्टर एवं प्रशासक, नवल सिंह सहकारी शक्कर कारखाना

