Homeबुरहानपुरजाम से कराहते शहर का अब होगा...

जाम से कराहते शहर का अब होगा ‘ट्रैफिक ऑपरेशन’, बाजारों से हटेंगे फल-सब्जी के ठेले

शौकत गार्डन में शिफ्ट होंगे ठेले, बेतरतीब पार्किंग पर लगेगी लगाम; बेलगाम ऑटो पर भी सख्ती, एसपी बोले- 15 दिसंबर तक दिखेगा बदलाव

बुरहानपुर। सड़क पर ठेलों का कब्जा, संकरी गलियों में ऑटो की आवाजाही, दुकानों के बाहर बेतरतीब पार्किंग और इनके बीच जाम में फंसे आमजन। यह किसी एक दिन की तस्वीर नहीं, बल्कि ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर की रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। परकोटे के भीतर यातायात व्यवस्था इस कदर बिगड़ चुकी है कि बाजारों से निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। अब शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस ने बाजारों में लगने वाले फल-सब्जी के ठेलों को शौकत गार्डन में शिफ्ट करने का प्लान तैयार किया है। इसके साथ ही चुनिंदा मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने, पार्किंग स्थल निर्धारित करने और नियम विरुद्ध ऑटो संचालन पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

एसपी आशुतोष बागरी का कहना है कि 15 दिसंबर तक ठेलों को स्थानांतरित करने का काम पूरा करने का लक्ष्य है। एक से दो माह के भीतर शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिलेगा।

संकरी गलियां, बढ़ते वाहन और सड़कों पर ठेले… कैसे मिले जाम से निजात?

ऐतिहासिक शहर की बसाहट भले ही वर्षों पुरानी हो, लेकिन समय के साथ वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके मुकाबले सड़कों की चौड़ाई नहीं बढ़ी। बाजारों में फल-सब्जी के ठेले, बार-बार गलियों में प्रवेश करते ऑटो और दुकानों के बाहर खड़े वाहन यातायात व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में हालात और बिगड़ जाते हैं। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीमित जगह में बढ़ते यातायात के दबाव को नियंत्रित करना है।

शौकत गार्डन में लगेगा फल-सब्जी बाजार, 15 दिसंबर की डेडलाइन

पुलिस ने शहर के अलग-अलग बाजारों में लगने वाले फल-सब्जी के ठेलों के लिए शौकत गार्डन को चिह्नित किया है। योजना के तहत इन ठेलों को एक ही स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि बाजारों की सड़कों पर यातायात के लिए पर्याप्त जगह मिल सके। एसपी आशुतोष बागरी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि व्यवसाय और यातायात दोनों को व्यवस्थित करना है। ठेला संचालकों को एक निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने का काम 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बेलगाम ऑटो पर कसेगा शिकंजा, 500 को जारी किए ‘ओके पास’

शहर की यातायात व्यवस्था बिगाड़ने में अनियंत्रित ऑटो संचालन भी बड़ी समस्या है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर ऑटो के दस्तावेजों की जांच शुरू की है। अब तक सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे पाए जाने पर 500 ऑटो को ओके पास जारी किए जा चुके हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

दुकान अपनी, लेकिन पार्किंग सड़क पर… ऐसे व्यापारी भी चिह्नित

बाजारों में जाम के लिए सिर्फ ठेले और ऑटो ही जिम्मेदार नहीं हैं। दुकानों के बाहर बेतरतीब पार्किंग भी यातायात व्यवस्था बिगाड़ रही है। कई व्यापारी कार से अपनी दुकान पर पहुंचते हैं और आसपास ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इसके बाद ग्राहकों के वाहन भी सड़क पर खड़े होने लगते हैं। नतीजतन, सड़क का बड़ा हिस्सा पार्किंग में तब्दील हो जाता है और राहगीरों के निकलने के लिए जगह कम पड़ जाती है। पुलिस ने ऐसे व्यापारियों को भी चिह्नित किया है। उनसे अपील की जाएगी कि वे अपने वाहन अन्य उपयुक्त स्थानों पर पार्क करें, ताकि बाजारों में यातायात बाधित न हो।

अब बाजारों में वन-वे की तैयारी, पार्किंग स्थल भी चिह्नित

पुलिस ने शहर के कुछ मार्गों को वन-वे करने की योजना भी बनाई है। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं, हालांकि अभी मार्गों के नाम अंतिम रूप से तय नहीं किए गए हैं। व्यवस्था लागू करने से पहले इस पर और काम किया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए भी कुछ स्थान चिह्नित किए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि बाजारों में सड़क किनारे होने वाली अनियंत्रित पार्किंग को कम किया जाए।

ट्रैफिक सुधार के लिए पुलिस के छह बड़े कदम

  • ठेलों की शिफ्टिंग: फल-सब्जी के ठेले शौकत गार्डन में स्थानांतरित होंगे।
  • 15 दिसंबर की डेडलाइन: ठेलों को शिफ्ट करने का काम पूरा करने का लक्ष्य।
  • ऑटो पर सख्ती: नियम तोड़ने पर चालान और वाहन जब्ती।
  • वन-वे व्यवस्था: चुनिंदा मार्गों पर एकतरफा यातायात की तैयारी।
  • व्यवस्थित पार्किंग: चिह्नित स्थानों पर खड़े कराए जाएंगे वाहन।
  • जागरूकता अभियान: यातायात नियमों के पालन के लिए आमजन को किया जाएगा जागरूक।

प्लान तैयार, लेकिन असली परीक्षा जमीन पर होगी

शहर में चल रहे सड़क निर्माण और शादी-ब्याह के सीजन के चलते आने वाले दिनों में यातायात का दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में पुलिस की नई कार्ययोजना को लागू करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।ठेलों को शिफ्ट करने के बाद दोबारा सड़कों पर लगने से कैसे रोका जाएगा? शौकत गार्डन में विक्रेताओं और ग्राहकों के लिए क्या सुविधाएं होंगी? बेतरतीब पार्किंग पर कितनी सख्ती होगी? वन-वे व्यवस्था का पालन कैसे कराया जाएगा? इन सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि पुलिस का यह प्लान कितना कारगर साबित होगा।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles