-
खकनार पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में किया गिरफ्तार
खकनार। मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम धारबेलथड में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना खकनार पुलिस ने एक खेत से 8.396 किलो अवैध गांजा जब्त कर आरोपी प्रेमसिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गांजे की झाड़ियों को केले के पत्तों के नीचे छिपा रखा था, ताकि पुलिस या ग्रामीणों को भनक न लगे।
एसपी देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई को लेकर एक विशेष टीम गठित की गई थी। एएसपी अंतरसिंह कनेश व एसडीओपी निर्भयसिंह अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धारबेलथड निवासी प्रेमसिंह पिता मालसिंह चौहान (50) अपने खेत में गांजे की खेती कर रहा है। इस पर पुलिस टीम खेत पर पहुंची और तलाशी शुरू की।
तलाशी में मिला गांजा, मौके से ही गिरफ्तार
जैसे ही टीम ने खेत में जांच की, केले के पत्तों के नीचे 17 गांजे की हरी झाड़ियाँ मिलीं। सूंघने पर स्पष्ट हुआ कि ये गांजे के पौधे हैं। जब्त किए गए पौधों को इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौला गया, जिनका वजन 8.396 किलोग्राम और कीमत लगभग 18,000 बताई गई। मौके पर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले ही इस काम में लिप्त था या किसी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हुआ है। एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 313/2025 दर्ज कर मामले की गंभीरता से विवेचना की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक जाधव, उनि शंकर लोने, सउनि अमित, प्रआर निखिलेश, बनसिंह मोरे, जय मालवीय, रूपेश शर्मा, मीना मोरे, शुभम पटेल और अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
इधर……
502 ग्राम गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
– बुरहानपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
बुरहानपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत गणपतिनाका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोमवार को गुजरीवाली मस्जिद, लोहारमंडी निवासी अकिल अहमद (39) को 502 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ जारी है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उतावली पुलिया के पास घेराबंदी कर अकिल अहमद को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास प्लास्टिक थैली में छुपाकर रखा गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत 10,000 आंकी गई।
अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी सुरेश महाले ने किया, जिसमें उनि किशोरसिंह मोहनिया, शैलेष पाल, देवेंद्र पवार, बलवीर गुर्जर सहित टीम ने प्रभावी भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ विक्रेताओं के विरुद्ध अभियान जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।