-
Table of Contents
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ – प्रशासन ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई, स्कूल बसों की जांच में खुली पोल
-
कार्रवाई में सख्ती- बिना परमिट, फिटनेस मिली 2 बसों को किया जब्त, आरटीओ ऑफिस बुरहानपुर में खड़ा कराया
-
परिवहन विभाग, पुलिस, प्रशासनिक टीम ने चलाया जांच अभियान, कुछ में कमियां पाई जाने पर जुर्माना भी वसूला
बुरहानपुर। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी गाइड लाइन औरं बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार के निर्देश पर शनिवार को परिवहन विभाग द्वारा यातायात पुलिस, तहसीलदार बुरहानपुर के साथ बसों का संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान में ट्रायम्फल आर्च एकेडमी बुरहानपुर की 12 बसें, इम्पीरियल एकेडमी की 05, बुरहानपुर पब्लिक स्कूल की 02, सेंट झेव्हीयर्स इंटरनेशनल स्कूल जैनाबाद की 12 बसें व लक्कडवाला पब्लिक स्कूल सारोला की 03 बसें इस प्रकार कुल 34 बसों के दस्तावेजों जैसें परमिट, फिटनेस, बीमा, ड्रायविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, नंबर प्लेट, ड्रायवर, कंडक्टर वर्दी, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्नि शमनयंत्र, स्पीड गर्वनर, पैनिक बटन की जांच की गई। जांच में लक्कडवाला पब्लिक स्कूल की 02 बसों के परमिट, फिटनेस समाप्त मिले दोनों बसों को जब्त कर आरटीओ ऑफिस बुरहानपुर में खडा किया गया है।
कुछ बसों पर चालानी कार्रवाई भी की गई
ट्रायम्फल आर्च एकेडमी की 06 बसों में हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट ना होने पर 3000 रूपये का जुर्माना वसूला गया। एक बस में आपातकालीन दरवाजा सहीं नहीं पाए जाने पर 1500 रूपये जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा सेंट झेव्हीयर्स इंटरनेशनल स्कूल में संचालित स्कूल बसों की 02 बसों में हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट ना होने की स्थिति में 1000 का जुर्माना वसूला गया। 06 बसों में मोटर व्हीकल एक्ट की अन्य धाराओं में 5000 रूपये जुर्माना वसूल किया गया। इस प्रकार कुल इस प्रकार कुल 15 बसों से 10,500 रूपये का जुर्मान वसूल किया गया। जिले के स्कूल, कॉलेजों में संचालित स्कूल बसों के दस्तावेज पूर्ण करने, यातायात नियमों का पालन करने के साथ सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार वाहन संचालन करने के संबंध में नोटिस जारी किये जा चुके हैं।
जांच में दल में यह रहे शामिल
जांच दल में तहसीलदार बुरहानपुर प्रवीण ओहरिया, नायब लहसीलदार नीतू मंडलोई, परिवहन विभाग के अधिकारी विक्रम सिंह ठाकुर, सीएस बाथम, यातायात सूबेदार नागेन्द्र सिंह ठाकुर, संदीप कैथवास, यातायात पुलिस की टीम में सुनिल सिंह प्रधान आरक्षक, आरक्षक प्रकाश डुड़वे, साहब सिंह, मेहताब सिंह शामिल थे। स्कूल, कॉलेजों संचालकों को ताकीद की गई है कि निर्धारित दस्तावेज कम्प्लीट कराकर ही वाहनों का संचालन किया जाए।
कलेक्टर ने बैठक लकर की थी ताकीद
हाल ही में कलेक्टर हर्ष सिंह ने अफसरों की बैठक लेकर जांच अभियान चलाने को कहा था। बता दें कि जिले में बाहरी ऑटो भी संचालित हो रहे हैं। कलेक्टर ने उनके खिलाफ भी पिछले दिनों कार्रवाई करने को कहा है।