-
Table of Contents
अब मोबाइल से दिखेगा कौन टैक्स चोर!
-
जीआईएस सर्वे के आधार पर होगी बुरहानपुर में टैक्स वसूली: आयुक्त
बुरहानपुर। अब हाउस टैक्स में घालमेल की छुट्टी तय है। बुरहानपुर नगर निगम ने शहर का जीआईएस (जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम) सर्वे पूरा कर लिया है। निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने साफ कहा – अब हर प्रॉपर्टी की यूनिक पहचान होगी, टैक्स वसूली जीआईएस मैप के आधार पर की जाएगी। टैक्स चोरी और अवैध निर्माण पर सख्ती तय है।
निगम के एमआईसी हॉल में आयोजित बैठक में निगम के सभी राजस्व निरीक्षकों को जीआईएस टैक्स प्रणाली समझाई गई। प्रजेंटेशन भोपाल की एजुर कंपनी द्वारा दिया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर महेश पटेल, कोऑर्डिनेटर नीरज कुमार, मास्टर ट्रेनर नीरज सिंह, दुर्गा गोटिया और जयमनी टेकाम ने डिजिटल मैपिंग का डेमो दिया।
अब ये बदलाव देखने को मिलेंगे
• हर प्रॉपर्टी को मिलेगा यूनिक आईडी नंबर
• मोबाइल से टैक्स लोकेशन और विवरण ट्रेस किया जा सकेगा
• टैक्स रिकॉर्ड होगा डिजिटल और पारदर्शी
• हाउस टैक्स, जलकर, सफाई कर — सब कुछ एक ही सिस्टम में
• ऑनलाइन भुगतान और निगरानी आसान, टैक्स चोरी पर सीधी चोट
• अवैध निर्माणों का डिजिटल ट्रैक, कार्रवाई में तेजी
कहां कितना टैक्स बकाया – अब एक क्लिक में दिखेगा
आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जीआईएस सर्वे से नगर निगम को सही आंकड़े मिलेंगे। अब फर्जी एंट्री, गलत क्षेत्रफल और टैक्स की चोरी नहीं चलेगी। डिजिटल मैप के आधार पर हर संपत्ति की लोकेशन, साइज और उपयोगिता की पुष्टि होगी। राजस्व में बड़ा इजाफा होगा।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, राजस्व अधिकारी शशिकांत पवित्रे, संपत्तिकर अधिकारी धीरेंद्र सिकरवार, निगम के वरिष्ठ अधिकारी शेख इशाक, श्याम श्रीवास्तव सहित सभी राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।
हर प्रॉपर्टी की यूनिक आईडी होगी
अब हर प्रॉपर्टी की यूनिक आईडी होगी, टैक्स की जानकारी मोबाइल से भी मिल सकेगी। टैक्स चोरी, अवैध निर्माण और गलत रिकॉर्ड की गुंजाइश खत्म होगी।
– संदीप श्रीवास्तव, आयुक्त, नगर निगम