-
‘एक पेड़ मां के नाम’… बुरहानपुर पुलिस ने हरियाली महोत्सव को बनाया पर्यावरण का पर्व
बुरहानपुर। जिले में “हरियाली महोत्सव” सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि इसे बुरहानपुर पुलिस ने पर्यावरण के नाम समर्पित उत्सव बना दिया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में थानों, चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में फलदार और छायादार पौधों का जो रोपण हुआ, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की सौगात बन जाएगा। “हरियाली महोत्सव” के अंतर्गत 1 जुलाई से 07 जुलाई 2025 तक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
दरअसल एसपी पाटीदार ने वृक्षारोपण करते हुए जब ये संदेश दिया कि “हर पेड़ किसी माँ की तरह जीवन देता है”, तो हर मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भावुक हो उठा। यह सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति समाज की जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया। उन्होंने कहा हरियाली सिर्फ जंगलों की नहीं, जिम्मेदारी हमारी भी है। हम जितना पेड़ लगाएँगे, उतना जीवन सुरक्षित करेंगे।
हर थाने में हरियाली का संकल्प
बुरहानपुर जिले के सभी थानों, चौकियों, कार्यालयों और पुलिस संस्थानों में एक साथ पौधारोपण किया गया। हर थाने में हरियाली का संकल्प लिया गया। इस दौरान एएसपी अंतरसिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल, तमाम थाना प्रभारी और सैकड़ों पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बुरहानपुर बनेगा हरित जिला
एसपी देवेन्द्र पाटीदार ने स्पष्ट किया कि यह महज एक हफ्ते का अभियान नहीं, बल्कि इसे जनभागीदारी से स्थायी आंदोलन बनाया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें पालने की अपील की।
पुलिस बनी पर्यावरण की प्रहरी
पुलिसकर्मी अब सिर्फ वर्दी नहीं, हरियाली का जिम्मा भी उठा रहे हैं। जब थानों में पौधों की हरियाली फैलेगी, तो अपराधों के साथ-साथ प्रदूषण पर भी लगाम लगेगी।