बुरहानपुर। जिले के धूलकोट इलाके के ग्राम बोरी में इंदौर लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के डिप्टी रेंजर को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी डिप्टी रेंजर कृष्ण कुमार बर्मन (58) प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की अनुमति दिलाने के नाम पर 4 हजार रुपए की घूस मांग रहा था।
पहले ही ले चुका था 1 हजार, बचे 3 हजार लेते ही दबोचा
शिकायतकर्ता सदाशिव डावर, ग्राम अंबा निवासी और इंडियन गैस एजेंसी में डिलीवरी बॉय है। उसे ग्राम पंचायत से वन क्षेत्र का पट्टा मिला है। जब उसने मकान निर्माण की अनुमति मांगी तो डिप्टी रेंजर ने उससे 4 हजार रुपए की मांग की। आरोपी पहले ही 1 हजार रुपए एडवांस ले चुका था। मंगलवार को शेष 3 हजार रुपए लेते ही लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बिछाया जाल
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही बर्मन ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
छह दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
बुरहानपुर जिले में यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। 6 दिन पहले ही आरईएस विभाग के उपयंत्री महेंद्र कोठारी को 12 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। उन्होंने ग्राम पंचायत हिंगना में बने प्रवेश द्वार के मूल्यांकन के लिए 20 हजार रुपए की मांग की थी।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम शामिल रही। इनमें आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, शैलेंद्र बघेल, कमलेश परिहार, आशीष आर्य, श्रीकृष्ण अहिरवार और चालक शेर सिंह ठाकुर मौजूद थे।
खबर की खास बातें:
- बुरहानपुर में छह दिन में दूसरी बड़ी रिश्वतखोरी का खुलासा।
- डिप्टी रेंजर 4 हजार की मांग कर चुका था, पहले ही 1 हजार ले चुका था।
- लोकायुक्त टीम ने 3 हजार लेते ही दबोच लिया।
- आरोपी पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज।