बुरहानपुर। शनिवार का दिन मध्य प्रदेश के इतिहास में गर्व से लिखा जाएगा। प्रदेश ने आज अपना 70वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा बिखरी रही। रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने प्रदेश की लोकसंस्कृति को मंच पर सजीव कर दिया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने संबोधन में कहा मध्य प्रदेश की माटी में जन्मे सपूतों ने हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। यह वही भूमि है, जहाँ से त्याग, पराक्रम और विकास की गाथाएँ लिखी जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्थापना दिवस को ‘उद्योग और रोजगार’ की थीम पर मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने। इस दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी प्रदेश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि अब प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए वातावरण तैयार हो चुका है। प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है तो हमें रोजगार और उद्योग के अवसर बढ़ाने होंगे, यही ‘विकसित मध्य प्रदेश’ का रास्ता है।
प्रदेश को मिली पीएम श्री हवाई पर्यटन सेवा की सौगात
सांसद पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थापना दिवस पर प्रदेश को कई ऐतिहासिक सौगातें दी हैं। इनमें सबसे खास है ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’, जो 9 प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। इस सेवा में खंडवा लोकसभा का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर भी शामिल है। 20 नवंबर से इसका नियमित संचालन शुरू होगा। सांसद ने कहा यह सेवा प्रदेश के धार्मिक, प्राकृतिक और वन्यजीव पर्यटन स्थलों को नई पहचान देगी। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर में जल्द ही प्रदेश का 13वां नेशनल पार्क भी स्थापित किया जाएगा। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में भी काम कर रही है।
डिजिटल मध्य प्रदेश की दिशा में तीन नई पहलें —मंजू दादू
नेपानगर विधायक मंजू दादू ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश डिजिटल सशक्तिकरण की ओर कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर तीन नई डिजिटल योजनाएँ शुरू की गई हैं। एमपी ई-सेवा पोर्टल— नागरिकों को एक ही मंच पर सभी सरकारी सेवाएँ सरल और पारदर्शी रूप से मिलेंगी। इन्वेस्ट एमपी 3.0 पोर्टल— निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, जिससे निवेश प्रक्रिया तेज़ और सहज होगी। और वॉश ऑन व्हील्स मोबाइल ऐप— युवाओं को स्वरोजगार और शहरी स्वच्छता सेवाओं से जोड़ेगा। विधायक दादू ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निवेश, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है।
ये रहे मौजूद
समारोह में महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह, मप्र पावरलूम फेडरेशन अध्यक्ष जयंतीभाई नवलखे, पूर्व महापौर अनिल भोसले, मनोज टंडन, गजेंद्र पाटिल, आदित्य प्रजापति, भरत इंगले, विनोद पाटिल, और कई अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।