बुरहानपुर। खंडवा जिले के ग्राम पेठिया में मदरसे से करीब 20 लाख रुपये के नकली नोटों की बरामदगी के बाद मामला गरमाता जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा ने कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी देवेंद्र पाटीदार को ज्ञापन सौंपकर मदरसों की जांच और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि खंडवा जिले के पेठिया गांव में पुलिस ने एक मदरसे पर छापा मारकर इमाम जुबेर अंसारी को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी बुरहानपुर के हरीरपुरा का निवासी बताया गया है। जांच में सामने आया कि जुबेर अंसारी पर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में कुल 7 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि आठवां मामला खंडवा के जावर थाने में नकली नोट प्रकरण में दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार- वर्ष 2015 में लालबाग थाने में मारपीट और लूट के दो मामले दर्ज, 2018 में खंडवा के हरसूद थाने में लूट का मामला, 2021 में नेपानगर और कोतवाली थानों में धोखाधड़ी के प्रकरण, हाल ही में मालेगांव पुलिस (महाराष्ट्र) ने उसे नकली नोटों के साथ पकड़ा और अब खंडवा जावर थाने में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस ने की सर्चिंग, कुछ नहीं मिला
मालेगांव पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के अगले दिन बुरहानपुर कोतवाली पुलिस ने हरीरपुरा स्थित आरोपी के घर की सर्चिंग की, हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। वहीं खंडवा पुलिस को उस मदरसे से 500 के नकली नोटों और छपाई से जुड़ा सामान बरामद हुआ है, जहां जुबेर अंसारी पढ़ाता था।
महासभा ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन
इस मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारत हिन्दु महासभा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री दिनेश सुगंधी ने आरोप लगाया कि बुरहानपुर सहित प्रदेश में कुछ मदरसों की आड़ में नकली नोट और अवैध गतिविधियों का नेटवर्क चलाया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि मदरसों और संबंधित धार्मिक संस्थानों की प्रशासनिक जांच कराई जाए। जिन संस्थाओं को शासकीय सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें तत्काल रोका जाए। नकली नोट रैकेट से जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
दिनेश सुगंधी बोले — यह सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा
महासभा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री दिनेश सुगंधी ने कहा जिहाद की आड़ में नकली नोटों का रैकेट मप्र से लेकर महाराष्ट्र के मालेगांव तक फैला हुआ है। यह देश की आर्थिक और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम के एक पार्षद का रिश्तेदार नजीर भी इस नेटवर्क से जुड़ा है, जिस पर पहले से चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं।
महासभा की चेतावनी — कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
संगठन ने जिला प्रशासन से कहा कि यदि जल्द जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारत हिंदू महासभा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। हमारी मांग है कि मदरसों की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में व्याप्त भय और असुरक्षा की भावना दूर हो। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता ओम आज़ाद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रजीत सोनी, संभाग अध्यक्ष बाल्या महाराज, मुकेश डालमिया सहित मौजूद रहे।
प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर जांच का भरोसा दिया
कलेक्टर और एसपी कार्यालय ने ज्ञापन प्राप्त कर कहा कि मामला गंभीर है, और इसे संबंधित विभागों के माध्यम से जांच के लिए भेजा जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जुबेर अंसारी की गतिविधियों और संपर्कों की जांच पहले से जारी है।