बुरहानपुर। मालेगांव महाराष्ट्र में 10 लाख रूपए के नकली नोट के साथ पकड़ाया हरीरपुरा का रहने वाला नाजिर अंसारी बुधवार को परिचित लोगों को देखकर हाथ दिखाता नजर आया। बड़ी बेशर्मी से वह हंसता हुआ हाथ दिखा रहा था। दरअसल नकली नोट कांड में पकड़े जाने के बाद महाराष्ट्र, खंडवा पुलिस की एसआईटी उसे अपने साथ उसके घर की सर्चिंग करने के लिए लाई थी, लेकिन वह यहां हंसता हुआ और लोगों को हाथ दिखाता नजर आया। 2014 में वह मोमिनपुरा से पार्षद चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गया था। उसकी चाची फिलहाल पार्षद है। पुलिस ने उसके घर पर करीब 45 पड़ताल की और परिजन से भी पूछताछ की।
गौरतलब है कि पिछले नाजिर अंसारी हरीरपुरा के ही रहने वाले और खंडवा जिले के पेठिया में मौलाना जुबेर अंसारी के साथ नकली नोटों की तस्करी करते हुए पकड़ा गया था।
प्रतीक नवलखे के घर से मिली पांच पेन ड्राइव में कुछ नहीं निकला
एसआईटी ने बुधवार को मौलाना जुबेर अंसारी, नाजिर अंसारी के अलावा जिला अस्पताल के निलंबित डॉक्टर प्रतीक नवलखे के यहां भी सर्चिंग की थी। इस दौरान पुलिस को पांच पेन ड्राइव मिली थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार जब पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सारी पेन ड्राइव में निजी कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो थे। नकली नोटों से संबंधित कोई भी ऐविडेंस नहीं मिला। गौरतलब है कि नकली नोट कांड में जिला अस्पताल के निलंबित डॉक्टर प्रतीक नवलखे का नाम भी सामने आया है जो मौलाना जुबेर अंसारी से जेल में मिला था। इस बात का खुलासा जुबेर अंसारी ने पुलिस पूछताछ में किया है। वहीं प्रतीक के पिता सुरेश नवलखे और उनके अधिवक्ता संतोष देवताले का कहना है कि प्रतीक को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। अब तक उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। हम पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया था मकान
इतवारा में डॉ. प्रतीक नवलखे का मकान है जिसे पुलिस ने नोट कांड में प्रतीक का नाम सामने आने के बाद सील कर दिया था। अब जांच में वहां कुछ नहीं निकला। इधर, जुबेर अंसारी, नाजिर अंसारी पुलिस रिमांड पर हैं। आगे और भी खुलासे हो सकते है। वहीं इधर, डॉ. प्रतीक नवलखे का नाम सामने आने के बाद अस्पताल कांड से जुड़े लोगों में भी हड़बड़ाहट मची हुई है। कईं लोग प्रतीक के करीबी हो गए थे और उससे काफी फायदा उठा रहे थे। कुछ ने रसूख का फायदा उठाकर पैसा जमा कर अस्पताल कांड से खुद को दूर कर लिया था, लेकिन अब इस बार नकली नोट कांड में प्रतीक का नाम उछलने पर हड़बड़ाहट का माहौल है।
मदरसों की आड़ में अवैध गतिविधियों का नेटवर्क
अखिल भारत हिन्दु महासभा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री दिनेश सुगंधी ने आरोप लगाया कि बुरहानपुर सहित प्रदेश में मदरसों की आड़ में नकली नोट और अवैध गतिविधियों का नेटवर्क चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मदरसों और संबंधित धार्मिक संस्थानों की प्रशासनिक जांच कराई जाए। जिन संस्थाओं को शासकीय सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें तत्काल रोका जाए। नकली नोट रैकेट से जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। श्री सुगंधी ने कहा जिहाद की आड़ में नकली नोटों का रैकेट मप्र से लेकर महाराष्ट्र के मालेगांव तक फैला हुआ है। यह देश की आर्थिक और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
ये भी पढ़िए- खंडवा-मालेगांव नकली नोट कांड मामले में एसआईटी की घंटों सर्चिंग, बुरहानपुर में हड़कंप; परिजनों के बयान दर्ज