बुरहानपुर। देशभर में एक बार फिर आतंक और आर्थिक अपराध की आंच तेज़ हो गई है। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने मंगलवार को गृह मंत्री, भारत सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपकर दो सनसनीखेज मामलों दिल्ली कार ब्लास्ट और बुरहानपुर नकली नोट कांड की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है।
सोमवार को राजधानी दिल्ली के सुभाष मार्ग क्षेत्र में एक कार में हुए धमाके ने पूरे देश को हिला दिया। धमाके में कई निर्दोष लोगों की मौत हो गई और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
महासभा ने कहा यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा पर सीधा प्रहार है। संगठन ने आवेदन में स्पष्ट लिखा कि इस घटना में शामिल दोषियों को हर हाल में पकड़कर सख्त से सख्त सज़ा दी जाए। महासभा का कहना है कि घटना की प्रकृति और स्थान को देखते हुए इसकी जांच NIA जैसी उच्चस्तरीय एजेंसी को सौंपी जानी चाहिए।
बुरहानपुर में नकली नोट कांड ने खोली आर्थिक अपराध की पोल
इसी ज्ञापन में महासभा ने मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में सामने आए नकली नोट कांड को लेकर भी गहरी चिंता जताई। जिलाध्यक्ष आनंद मेहता ने बताया कि हाल ही में मालेगांव (महाराष्ट्र) पुलिस ने बुरहानपुर के मौलाना जुबैर अंसारी और उसके सहयोगी नाज़ीर अंसारी को 10 लाख रु. के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में खंडवा जिले के पेठिया स्थित एक मदरसे से भी 19.87 लाख के नकली नोट बरामद हुए। मेहता ने कहा यह कोई छोटा गिरोह नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क है, जो देश की आर्थिक जड़ों को कमजोर कर रहा है। इसकी जड़ें सीमापार तक फैली हो सकती हैं, इसलिए इस पर NIA जांच आवश्यक है।
महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सख्त चेतावनी
महासभा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री दिनेश सुगंधी ने जन सुनवाई में कहा ऐसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि इन दोनों मामलों को एक साथ लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच कराई जाए। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता ओम आजाद सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे जिन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।