भोपाल/शिवपुरी। मध्यप्रदेश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस परियोजना से प्रदेश में रक्षा उत्पादन को नई दिशा मिलेगी और करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी समूह के करण अडाणी और जीत अडाणी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इसी अवसर पर शिवपुरी जिले में 211 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम में शिवपुरी को रक्षा निर्माण, रोजगार, पर्यटन और अधोसंरचना विकास के नए केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया।
सीएम बोले- शिवपुरी से रक्षा निर्माण का नया अध्याय शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल और ग्वालियर अंचल की धरती देशभक्ति और पराक्रम की पहचान रही है। यहां के जवानों, अफसरों और नागरिकों ने हमेशा देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि अब शिवपुरी से रक्षा निर्माण का नया अध्याय शुरू हो रहा है। यहां बनने वाली रक्षा सामग्री और मिसाइलें देश की सामरिक शक्ति को मजबूत करेंगी। सीएम ने कहा कि यह परियोजना केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और विकास का नया द्वार है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक निवेश का केंद्र बन रहा है और राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
5 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले गुना में सीमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ था और अब शिवपुरी में डिफेंस प्लांट की आधारशिला रखी जा रही है। इससे ग्वालियर-गुना-शिवपुरी अंचल में विकास की नई रफ्तार दिखाई देगी।
शिवपुरी के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवपुरी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। शिवपुरी को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए 120 करोड़ रुपए की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट स्थापित की जाएगी। शिवपुरी में 200 बिस्तरों का मातृ-शिशु अस्पताल बनाया जाएगा। खोड में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय का नया कॉलेज शुरू किया जाएगा। सुभाषपुरा को नवीन तहसील बनाया जाएगा। पिछोर में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। करेगा-भितरवार रोड से समोहा डैम तक नई सड़क बनाई जाएगी। खनियाधाना में कृषि उपज मंडी स्थापित की जाएगी और ग्राम पंचायत खतौरा में सांदीपनि विद्यालय खोला जाएगा।
सांदीपनि विद्यालयों को बताया शिक्षा का नया मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मजबूत मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि लोग निजी स्कूल छोड़कर सांदीपनि विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, बेहतर वातावरण और बेहतर भविष्य उपलब्ध हो।
सिंधिया बोले- शिवपुरी में इतिहास की नई इबारत लिखी जा रही
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में नया इतिहास लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की नगरी शिवपुरी में रक्षा निर्माण की यह आधारशिला नए युग की शुरुआत है। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। संकट के समय आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देखती है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य अब पूरे देश का संकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों का विश्वास जीता है और यही कारण है कि बड़े निवेश मध्यप्रदेश की ओर आ रहे हैं।
अडाणी समूह बोला- यह निवेश मध्यप्रदेश के भविष्य में निवेश
अडाणी समूह के युवा नेतृत्व जीत अडाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाला यह डिफेंस एंड एयरोस्पेस प्लांट मध्यप्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यहां मिशन रेडी मिसाइलों और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अडाणी समूह प्रदेश के कई जिलों में निवेश कर रहा है। यह निवेश केवल किसी औद्योगिक परियोजना में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की जनता और युवाओं के भविष्य में निवेश है। शिवपुरी की यह परियोजना रोजगार, कौशल विकास और औद्योगिक विकास के नए अवसर पैदा करेगी।
रक्षा निर्माण से पर्यटन तक, शिवपुरी को मिलेगी नई पहचान
शिवपुरी अब केवल पर्यटन और प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि रक्षा निर्माण के नए केंद्र के रूप में भी पहचाना जाएगा। माधव नेशनल पार्क, पर्यटन विकास, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाएं और औद्योगिक निवेश मिलकर जिले की तस्वीर बदल सकते हैं। राज्य सरकार का दावा है कि आने वाले वर्षों में शिवपुरी और ग्वालियर-चंबल अंचल प्रदेश के विकास मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में दिखाई देगा। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार ने संदेश दिया कि मध्यप्रदेश अब कृषि और पर्यटन के साथ-साथ रक्षा उत्पादन और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।