राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

पुलिया की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जा, अवध वाटिका पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर!

कलेक्टर की फटकार के बाद एडीएम पहुंचे मौके पर, अवध वाटिका का अतिक्रमण हटेगा

On: January 6, 2026 9:45 PM
Follow Us:
Burhanpur News: अवध वाटिका कॉलोनी में नाले पर कब्जा, SDM की अनुमति पर उठे सवाल, ADM जांच में जुटे
  • एसडीएम की अनुमति पर कॉलोनाइजर ने घेरा 60 फीट चौड़ा नाला

बुरहानपुर। मोहम्मदपुरा क्षेत्र में एप्पल अस्पताल के सामने काटी जा रही अवध वाटिका कॉलोनी अब प्रशासनिक लापरवाही और कॉलोनाइजर की मनमानी का बड़ा उदाहरण बन गई है। यहां स्थित करीब 60 फीट चौड़ा और लगभग 250 फीट लंबा प्राकृतिक नाला, कॉलोनाइजर द्वारा पुलिया निर्माण की आड़ में पूरी तरह पाटकर बंद कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था खतरे में पड़ गई है।

मामला सामने आने के बाद मंगलवार को जनसुनवाई में एक बार फिर स्थानीय लोग शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर कलेक्टर हर्ष सिंह ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और एडीएम वीर सिंह चौहान को तत्काल मौके पर जांच के निर्देश दिए।

एसडीएम की अनुमति पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे विवाद की जड़ है बुरहानपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ द्वारा जारी किया गया वह पत्र, जिसमें कॉलोनाइजर सुनील पिता नंदकिशोर मोतीवाला (नंदकिशोर टेक्सीन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) को पुलिया निर्माण की अनुमति दी गई। लेकिन जानकारों की माने तो शासकीय नाले या सार्वजनिक रास्ते पर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति केवल कलेक्टर दे सकते हैं, एसडीएम को यह अधिकार नहीं है। इसके बावजूद अनुमति दे दी गई और उसी का सहारा लेकर कॉलोनाइजर ने पूरा नाला ही खत्म कर दिया।

पुलिया के नाम पर पूरे नाले पर कब्जा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनाइजर ने एक छोटा सा सिंगल पाइप डालकर औपचारिकता निभाई और उसके ऊपर पूरे 60 फीट चौड़े नाले में मुरूम भरकर रास्ता बना दिया। अब उस जगह पर कॉलोनी का एंट्री पॉइंट, ऑटो स्टैंड, पार्किंग तक बना दी गई है। लोगों का कहना है कि बरसात में यही नाला मोहम्मदपुरा क्षेत्र का मुख्य जल निकास मार्ग है। इसे बंद करने से आने वाले समय में जलभराव, घरों में पानी घुसने और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।

तहसीलदार-पटवारी पहले भी कर चुके हैं निरीक्षण

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कुछ दिन पहले तहसीलदार और पटवारी ने भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया था। तब भी पाया गया कि नाले पर मुरूम डाला गया है और जल निकासी बाधित हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायतकर्ता ने खोली कॉलोनाइजर की पोल

मोहम्मदपुरा निवासी रोहन पाटिल ने बताया अवध वाटिका के नाम से कॉलोनी काटी गई है। कॉलोनाइजर ने एसडीएम की अनुमति बताकर 60 फीट चौड़ा और ढाई सौ फीट लंबा नाला ही बंद कर दिया। घटिया क्वालिटी का सिंगल पाइप डालकर करोड़ों की जमीन का रास्ता बना लिया गया है। एक महीने से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

एसडीएम द्वारा जारी पत्र में क्या लिखा है?

एसडीएम कार्यालय से जारी पत्र में कॉलोनाइजर को खसरा नंबर 240, 241, 244 (कुल 2.20 हेक्टेयर निजी भूमि) से लेकर सर्वे नंबर 248 (0.290 हेक्टेयर शासकीय रास्ता) पर आवागमन के लिए पाइप डालकर पुलिया बनाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन पत्र में कहीं भी नाले को पूरी तरह बंद करने या मुरूम डालकर कब्जा करने की अनुमति नहीं थी, जो मौके पर किया गया।

कलेक्टर के सख्त तेवर, अतिक्रमण हटेगा

मोहम्मदपुरा रहवासियों की लगातार हो रही शिकायतों और मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह ने स्पष्ट संकेत दे दिए है कि अवध वाटिका कॉलोनी में किया गया अतिक्रमण हटाया जाएगा। दोषियों पर कार्रवाई होगी। इसी क्रम में एडीएम वीर सिंह चौहान मंगलवार शाम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

शिकायत की जांच कर रहे, नियमानुसार कार्रवाई करेंगे 

– एप्पल अस्पताल के सामने एक कॉलोनी काटी जा रही है। शिकायत आई थी नाले पर मुरूम डाला है और नाला बंद हो गया है। मौके पर देखा कि नाले मद की जमीन नहीं है रास्ते मद की है। परमिशन एसडीएम से ली है, लेकिन पूरे रास्ते पर मुरूम डाल दी है। जांच कर रहे हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। – वीर सिंह चौहान, एडीएम बुरहानपुर

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser