राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

ग्रामीण डाकसेवक की नौकरी में बड़ा खेल: 42 बेरोजगारों से 5.50 लाख प्रति व्यक्ति वसूले, करोड़ों की ठगी की आशंका

- तीन साल तक चलता रहा खेल, पैसा नहीं लौटा तो फूटा गुस्सा; नेपानगर थाने में शिकायत, एक आरोपी राउंडअप

On: December 22, 2025 8:56 PM
Follow Us:
ग्रामीण डाक सेवक नौकरी के नाम पर नेपानगर में करोड़ों की ठगी

बुरहानपुर। ग्रामीण डाक सेवक की नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेपानगर थाना क्षेत्र में करीब 42 लोगों से 5.50 लाख रुपये प्रति व्यक्ति वसूले जाने की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई है। शुरुआती जांच में यह ठगी करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ितों के मुताबिक यह पूरा खेल 1 जनवरी 2022 से 20 अक्टूबर 2023 के बीच चला। गुड़ी निवासी मोईनुद्दीन पिता जैनुद्दीन सिद्दीकी ने अन्य पीड़ितों के साथ नेपानगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि रईस पिता सलीम खां (वार्ड क्रमांक 8, नेपानगर), धीरज पिता अशोक चौधरी (खंडवा), रामकिशन कास्डे (खालवा, खंडवा) और अनिल भाटे (जसवाड़ी, खंडवा) ने मिलकर सुनियोजित तरीके से ठगी की।

ऑफलाइन भर्ती का झांसा, बीपीएम पद का लालच

दरअसल शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने दावा किया कि पोस्ट ऑफिस ग्रामीण में ऑफलाइन भर्ती प्रक्रिया चल रही है और नेपानगर पोस्ट ऑफिस में बीपीएम पद खाली है। 10वीं पास बेरोजगारों को “सुनहरा अवसर” बताकर संपर्क किया गया। भरोसा जीतने के लिए इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में खाते भी खुलवाए गए और कहा गया कि यह राशि सिक्योरिटी डिपॉजिट है, जो तीन साल बाद ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।

पैसा गया, नौकरी नहीं मिली

पीड़ितों का आरोप है कि न तो नौकरी मिली और न ही तय समय पर पैसा लौटाया गया। लगातार टालमटोल के बाद जब सब्र का बांध टूटा तो रविवार रात सभी पीड़ित थाने पहुंचे। शिकायत के अनुसार प्रत्येक से 5.50 लाख रुपये लिए गए—यानी कुल रकम करोड़ों में हो सकती है।

पुलिस एक्शन में, एक आरोपी राउंडअप

नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। एक आरोपी को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है। बैंक ट्रांजैक्शन, दस्तावेज और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद ठगी, आपराधिक षड्यंत्र सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य जिलों में भी सक्रिय था और पीड़ितों की संख्या इससे अधिक है। अगर आरोप सही पाए गए तो यह जिले के सबसे बड़े रोजगार घोटालों में शामिल हो सकता है। पुलिस का संकेत साफ- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। पीड़ितों से अपील की गई है कि वे सामने आकर अपने दस्तावेज और भुगतान का विवरण दें, ताकि कार्रवाई तेज की जा सके।

मामले की जांच कर रहे

पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत आई है। एक आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया है। अभी मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। – ज्ञानू जायसवाल, थाना प्रभारी नेपानगर

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser