राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

दरियापुर में GST की बड़ी दबिश: बिल्डिंग मटेरियल दुकान पर सेंट्रल टीम का सर्वे, देर रात तक खंगाले बिल-बही और कंप्यूटर रिकॉर्ड

- खंडवा से पहुंचे 10 से ज्यादा अफसरों की टीम ने की घंटों जांच; कुछ दिन पहले नेपानगर में भी सर्वे में 20 लाख का कर अपवंचन आया था सामने

On: March 7, 2026 1:03 PM
Follow Us:
दरियापुर में बिल्डिंग मटेरियल शॉप पर सेंट्रल GST का सर्वे

बुरहानपुर। जिले के ग्राम दरियापुर में शुक्रवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल जीएसटी की टीम ने अचानक एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर सर्वे कार्रवाई शुरू कर दी। खंडवा से आई अधिकारियों की टीम ने लक्ष्मीधाम बिल्डिंग मटेरियल शॉप पर पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच की। कार्रवाई देर रात तक चलती रही, जिससे क्षेत्र के व्यापारिक जगत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार, खंडवा से 10 से अधिक अधिकारियों की टीम दरियापुर पहुंची और दुकान पर सर्वे की कार्रवाई शुरू की। टीम ने दुकान के बिल, खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड, जीएसटी रजिस्टर और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने कंप्यूटर और दस्तावेजों में दर्ज लेन-देन का मिलान भी किया। देर रात तक अधिकारी दुकान में मौजूद रहकर रिकॉर्ड खंगालते रहे। कार्रवाई के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ भी जुटती रही। अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

मीडिया से दूरी बनाए रहे अधिकारी

सर्वे के दौरान अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। देर रात तक कार्रवाई जारी रहने के बावजूद किसी भी अधिकारी ने औपचारिक रूप से कार्रवाई के संबंध में जानकारी देने से परहेज किया। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि जांच किस शिकायत या किन कारणों के आधार पर की जा रही है।

सहायक आयुक्त बोले- सेंट्रल टीम कर रही कार्रवाई

बुरहानपुर वाणिज्यिक कर विभाग के सहायक आयुक्त यूसुफ खान ने बताया कि सेंट्रल जीएसटी की टीम खंडवा से आई है और दरियापुर स्थित एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर सर्वे कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से जुड़ी अधिकृत जानकारी वही अधिकारी देंगे जो सर्वे कर रहे हैं।

नेपानगर में भी हाल ही में मिला था कर अपवंचन

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बुरहानपुर की टीम ने नेपानगर में भी एक बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी के यहां सर्वे किया था। उस कार्रवाई की जानकारी विभाग ने कई दिनों तक सार्वजनिक नहीं की थी। बाद में सामने आया कि जांच में करीब 20 लाख रुपए का कर अपवंचन पाया गया था।

इसके अलावा बुरहानपुर में इससे पहले भी दो फर्मों पर जीएसटी से जुड़ी कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन उन मामलों में कितना कर अपवंचन मिला, इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। उस समय इंदौर से आए अधिकारियों ने कहा था कि जांच पूरी कर प्रकरण तैयार कर बुरहानपुर वाणिज्यिक कर कार्यालय भेजा जाएगा।

जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी तस्वीर

दरियापुर में चल रही इस कार्रवाई के बाद व्यापारिक क्षेत्र में हलचल है। हालांकि सर्वे में क्या सामने आया है और किसी प्रकार का कर अपवंचन मिला है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सेंट्रल जीएसटी की टीम देर रात तक दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser