बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय शारदा सिरतुरे की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया। हथौड़े से वार कर की गई इस हत्या के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भूचाल आ गया है। दलित संगठन के नेता मनोज परमार ने इसे “लव जिहाद” और धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़ा मामला बताते हुए सनसनी फैला दी है।
दरअसल बुधवार दोपहर करीब तीन बजे शारदा अपने बीमार बेटे की देखभाल के बाद घर लौटी ही थीं कि महाराष्ट्र के अंतुरली निवासी आरोपी शेख सलीम ने घर में घुसकर उन पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले से शारदा की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े, लेकिन आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे दबोच लिया।
मनोज परमार का आरोप
मीडिया के सामने आए दलित संगठन के नेता मनोज परमार ने कहा जिहादी मानसिकता रखने वालों ने दलित बहनों का शारीरिक शोषण किया, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। शारदा ने इनकार किया तो उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। यह बुरहानपुर के माथे पर कलंक है। उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा नावरा में अगर समय पर कार्रवाई होती तो यह वारदात टल सकती थी।
संगठन की मांगें
दलित संगठन ने पीड़ित परिवार की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं—
- आरोपी पर कठोर से कठोर कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई।
- पीड़िता के पति को सरकारी नौकरी देकर परिवार का भरण-पोषण सुनिश्चित करना।
- घटना के पीछे इस्लामिक कट्टर पंथियों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच।
सदैव क्राइम व्यू
यह केवल हत्या नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। आरोप बेहद गंभीर हैं, इसलिए जांच हर कोण से होनी जरूरी है। पारदर्शी कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय और समाज को भरोसा दिला सकती है।
प्रभारी मंत्री पहुंचे शारदा के घर, बोले— दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, 10 लाख की मदद का ऐलान
बुरहानपुर। जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई महिला हत्या की घटना को प्रदेश सरकार ने पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट शुक्रवार को बुरहानपुर पहुंचे और मृतका शारदा के परिजनों से मुलाकात की।
शारदा के घर पहुंचे मंत्री सिलावट ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा— यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में आपके साथ खड़ी है। न्याय के लिए जो भी कदम जरूरी होंगे, उठाए जाएंगे।
न्याय और सख्त कार्रवाई का भरोसा
प्रभारी मंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपी के विरुद्ध कठोर से कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए और मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मंत्री सिलावट ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
ये रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी आशुतोष बागरी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।