राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

इच्छापुर हादसा: ससुराल लौट रही महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत — बच्ची की हालत नाजुक

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक मंजू दादू अस्पताल पहुंचे, घायलों का जाना हाल; प्रशासन ने शुरू की जांच

On: November 1, 2025 7:52 PM
Follow Us:
बुरहानपुर इच्छापुर हादसा — डंपर और बाइक की टक्कर में महिला की मौत, तीन घायल

बुरहानपुर। इंदौर–इच्छापुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। ग्राम इच्छापुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान काजल सोनोने (25) के रूप में हुई है, जो दीपावली की छुट्टियों में अपने मायके इच्छापुर आई हुई थी।
Sadaiv Newsशनिवार सुबह वह अपनी मां मंगला बाई, दो वर्षीय बच्ची, और गांव के मूसा खां के साथ ससुराल चिंचोली मुक्ताईनगर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही वे इच्छापुर बस स्टैंड के पास पहुंचे, गिट्टी से भरे डंपर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, बच्ची और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस से बुरहानपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

बच्ची की हालत नाजुक, परिवार में मचा कोहराम

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दो वर्षीय बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतका काजल के मायके में दीपावली की खुशियाँ मातम में बदल गईं। परिजन रो-रोकर बेसुध हो रहे हैं। मृतका के भाई जीतू कोहली ने बताया गिट्टी से भरे डंपर ने पीछे से टक्कर मारी। बहन की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां और भानजी बुरी तरह घायल हैं।

एडीएम, सांसद और विधायक पहुंचे अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही एडीएम वीर सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुँचे और घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू भी अस्पताल पहुँचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और घायलों के परिजनों से मुलाकात की।

सांसद पाटिल ने कहा यह बेहद दुखद घटना है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को हरसंभव सहायता और बेहतर उपचार मिले।
विधायक मंजू दादू ने भी पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और कहा सरकार हर ज़रूरी मदद करेगी। इस दौरान महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अस्पताल में मौजूद रहे।

शाहपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। डंपर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हाईवे पर तेज रफ्तार डंपरों से बढ़ रहे हादसे

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इंदौर–इच्छापुर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से गति सीमा तय करने, स्पीड ब्रेकर लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के इस हिस्से में सड़क किनारे बस स्टॉप होने के कारण ट्रैफिक खतरा अधिक है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser