बुरहानपुर। आगामी गणेश उत्सव में शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने नवाचार किया है। अब किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को सिर्फ QR Code स्कैन करना होगा। जैसे ही नागरिक सूचना देंगे, वह तुरंत पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और संबंधित थाना प्रभारी तक पहुँच जाएगी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति बैठक में हुआ ऐलान
शनिवार को कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी की मौजूदगी में हुई शांति समिति की बैठक में यह व्यवस्था लागू करने की घोषणा हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह QR कोड गणेश उत्सव पंडालों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाया जाएगा। साथ ही इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी नागरिक इसे स्कैन कर तुरंत पुलिस से जुड़ सके।
त्वरित और पारदर्शी होगी पुलिस व्यवस्था
अभी तक किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को हेल्पलाइन नंबर डायल करना पड़ता था, लेकिन अब QR कोड स्कैन करते ही जानकारी सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचेगी। इससे त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई होगी। त्योहारों के दौरान भीड़ और संभावित घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सकेगा।
नागरिकों में बढ़ेगा विश्वास
इस व्यवस्था से न सिर्फ पुलिस सहायता आसान होगी, बल्कि नागरिकों के बीच विश्वास और सुरक्षा का माहौल भी मजबूत होगा। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कहा यह पहल त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बुरहानपुर पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
मुख्य बातें
- अब QR Code स्कैन कर पाएंगे 24×7 पुलिस सहायता।
- सूचना सीधे एसपी से लेकर थाना प्रभारी तक पहुँचेगी।
- गणेश उत्सव पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे QR कोड।
- पुलिस व्यवस्था होगी त्वरित, पारदर्शी और सुगम।
- त्योहारों में नागरिकों को मिलेगा सुरक्षित माहौल।