बुरहानपुर। बुरहानपुर पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ प्रवीण कुमार लोहिया को एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया है। लोहिया की नियुक्ति वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में हुई थी, लेकिन कार्यकाल के दौरान उन्होंने बार-बार अनुशासनहीनता और अनुपस्थित रहने की आदत नहीं छोड़ी।
एसपी पाटीदार ने बताया कि लोहिया को कई बार चेतावनी और सुधार के अवसर दिए गए, यहां तक कि परिवार को बुलाकर काउंसलिंग भी कराई गई, लेकिन लगातार गैरहाजिरी, नशे की लत और कार्य के प्रति लापरवाही के कारण आखिरकार उन्हें विभाग से हटा दिया गया।
लगातार कार्रवाई के बाद हुई बर्खास्तगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एएसआई प्रवीण कुमार लोहिया के खिलाफ विभाग ने पिछले कुछ वर्षों में कई बार अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। 07 बार निंदा की गई, 02 बार अर्थदंड (वेतन कटौती) लगाया गया, 04 बार असंचयी वेतनवृद्धि रोकी गई, और 15 बार “काम नहीं तो वेतन नहीं” के तहत कार्रवाई हुई। फिर भी लोहिया के व्यवहार और कार्यशैली में कोई सुधार नहीं देखा गया। लगातार गैरहाजिरी और नशे की शिकायतों के कारण अंततः विभागीय जांच के बाद सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया।
परिवार को भी दी गई थी काउंसलिंग, फिर भी नहीं सुधरे
पुलिस महकमे ने प्रवीण लोहिया को सुधारने के हर संभव प्रयास किए। कई बार वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को बुलाकर काउंसलिंग कराई, समझाइश दी कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और नियमित ड्यूटी करें। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं दिखा। आखिरकार विभागीय जांच के बाद एसपी देवेंद्र पाटीदार ने सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया।
एसपी देवेंद्र पाटीदार बोले— अनुशासन ही पुलिस की रीढ़ है
एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने स्पष्ट शब्दों में कहा पुलिस महकमे में अनुशासन सर्वोपरि है। प्रवीण लोहिया को सुधरने के कई मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने बार-बार गैरहाजिरी, नशा और लापरवाही दिखाई। इसलिए सेवा से पृथक करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि विभाग में जो भी कर्मचारी कर्तव्य के प्रति लापरवाह या अनुशासनहीन पाया जाएगा, उसके विरुद्ध इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।