राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

खेत में किसान पहुंचे तो नजर आया तबाही का मंजर- फिर करोड़ों की केला फसल तबाह

हर बार केला फसल पर ही आ रहा संकट, जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते नहीं मिल रहा फसल बीमा का लाभ जिले में तेज हवा, आंधी से 2 दर्जन से अधिक गांवों में केला फसल को पहुंचा है नुकसान किसानों ने जल्द सर्वे कराने की मांग उठाई, जनप्रतिनिधि खेतों में पहुंचे बुरहानपुर। रविवार

On: May 26, 2024 8:18 PM
Follow Us:

बुरहानपुर। रविवार को किसान खेतों में पहुंचे तो तबाही का मंजर नजर आया। जिस फसल को लाखों रूपए खर्च कर सींचा था उसे हवा, आंधी ने तबाह कर दिया। इस बार भी जिले में केला फसल का करोड़ों का नुकसान हुआ है। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते आज तक किसानों को केला फसल पर बीमा का लाभ नहीं मिल पाया। करीब 2 दर्जन से अधिक गांवों में केला फसल को क्षति पहुंची है। किसानों ने जल्द सर्वे कराने की मांग की है। वहीं जनप्रतिनिधियों ने खेतों का निरीक्षण किया।
दरअसल जिले में शनिवार शाम 5 बजे मौसम का मिजाज अचानक बदला और हवा, आंधी चली। कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई थी। इसके कारण नेपानगर और बुरहानपुर विधानसभा के दर्जनों गांवों में केला फसल को नुकसान पहुंचा है। आंधी से कईं किसानों की फसल औंधी हो गई। दूसरे दिन किसान खेत में पहुंचे तो नुकसान का पता चला। किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं तो वहीं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को स्थिति से अवगत कराया है। जल्द सर्वे शुरू कराने की मांग की गई है। केला फसल को ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचा है। कईं पुराने बड़े पेड़ तक उखड़ गए। रोड पर गिरने के कारण कईं गांवों में आवागमन बाधित हुआ। शाहपुर क्षेत्र के शाहपुर, भावसा, फोपनार, रायगांव सहित अन्य गांवों में नुकसान पहुंचा है।
इन गांवों में हुआ केला फसल को नुकसान
शाहपुर, बंभाड़ा, खामनी, बख्खारी, नीमगांव, रेहटा, सुखपुरी, उमरदा, धामनगांव, बोरसल, दापोरा, इच्छापुर, वारोली, भोटा, लोनी, नाचनखेड़ा, दर्यापुर, खड़कोद, नसीराबाद, अड़गांव, दरियापुर, निंबोला, बोरस, चांदनी सहित अन्य गांव शामिल हैं जहां कुछ जगह पूरी केला फसल तबाह हुई है तो कहीं पौधे औंधे हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने सीएम से चर्चा की है। जल्द सर्वे कराकर मुआवजा वितरण की मांग रखी है।
आंधी तूफान से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे हर्षवर्धन
Sadaiv Newsगत 25 मई को बुरहानपुर अंचल तेज हवा, आंधी, तूफान एवं बारिश ने किसानों को भारी आर्थिक संकट में डाल दिया। किसानों की फसलें आंधी की भेट चढ़ बर्बाद हो गई। नुकसान की जानकारी लगते ही युवा नेता हर्षवर्धन नंदकुमार सिंह चौहान प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे और उन्हें हरसंभव मदद जल्द से जल्द दिलाने हेतु कलेक्टर से चर्चा की।
रविवार दोपहर प्रभावित किसानों से मिलने हर्षवर्धन सिंह चौहान शाहपुर क्षेत्र के ग्राम अडगाव, नीमगाँव और रायगाँव पहुंचे। रायगाँव के किसान अमोल महाजन, राहुल राठौर, नाना पाटिल, सुभाष कोली और प्रभाकर कोली ने बीते दिनों आये तूफान से फसलो को पहुंची क्षति से अवगत कराया। श्री चौहान नीमगाँव पहुंचे। यहाँ अलाहबक्ष, हेमराज़ पाटिल, प्रकाश पाटिल से फसलो की नुकसानी के बारे में जानकारी ली। ग्राम नाचनखेड़ा के प्रभाकर चौधरी, पाण्डुरंग चौधरी, महेंद्र चौधरी तथा चापोरा के दीपक जायसवाल और वैभव डीलर के खेतों में पहुंचे। हर्षवर्धन ने तत्काल कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल को मोबाइल लगाकर प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के नुकसान का सर्वे करने हेतु शीघ्र सर्वे दल गठित कर, सर्वे करवाकर पीडि़तों को मुआवजा राशि वितरित करने की बात कही। साथ ही हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पीडि़तों को मुआवजा राशि जल्द से जल्द दिलाने का आग्रह किया। इस दौरान उनके साथ सुजयसिंह चौहान, नाना पाटिल, सुभाष दहीहांडी, प्रदीप पाटिल, सौरव पाटिल, योगेश्वर पाटिल सहित अन्य मौजूद रहे।
भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील ने प्रशासनिक अमले के साथ किया दौरा
Sadaiv Newsजिले में शनिवार को आंधी-तूफान से अधिकांश ग्रामो में केला फसल जमींदोज होकर बर्बाद हो गई है। रविवार को भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील ने प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित खेतो का दौरा किया। श्री पाटिल ने नीमगांव , रेहटा, रायगांव, खामनी, बभाड़ा, अडगांव आदि गाँवो में प्रभावित खेतों में किसानों भाईयो से मुलाकात कर उन्हें विश्वास दिलाया की संकट की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के साथ खड़ी है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से फोन पर चर्चा कर वस्तु स्थिति से अवगत करा दिया है। प्रति पेड़ के हिसाब से मुआवजा राशि किसान भाइयों को मिले इस हेतु पत्र लिख आग्रह भी किया है। श्री पाटील ने कहा कि सर्वे की कार्रवाई पूर्ण होने के बाद किसानों को मुआवजा राशि मिलेंगी आप चिंता ना करें। केला फसल बीमा को लेकर भी प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान तहसीलदार जितेन्द्र अलावा, नायब तहसीलदार रविन्द्र सिंह मंडलोई सहित डिगबर पाटील, विश्वनाथ पाटील, जिला पंचायत सदस्य किशोर पाटील, उपसरपंच गोटू पाटील आदि मौजूद रहें।
केला फसलों का मौसम आधारित बीमा करें सरकार: कांग्रेस
बुरहानपुर जिले की केला फसल प्राकृतिक आपदाओं से लगातार प्रभावित हो रही है। जिससे केला फसल को भारी नुकसान हो रहा है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि जिले के केला उत्पादक किसानो की आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इन परिस्थितियों में प्रदेश सरकार जिले के केला उत्पादक किसानों को लेकर कतई गंभीर नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टाक ने कहा प्रदेश सरकार ने एक जिला एक उत्पाद के तहत केला फसल को अपनी प्रमुखता में शामिल करने का की योजना बनाई है। लेकिन शासन प्रशासन की गतिविधियां केला फसल से बनने वाले उत्पादों तक सीमित है। केला फसल को मौसम की मार से बचाने के लिए सरकार की तरफ से कोई प्रयास नहीं किया जा रहे हैं जबकि जिले का किसान लगातार यह मांग कर रहा है कि केला फसल का मौसम आधारित बीमा किया जाए ताकि प्रतिकूल मौसम से केला फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई किसानों को किया जा सके। बुरहानपुर कांग्रेस किसानों की इस मांग का समर्थन करती है और शासन प्रशासन से यह मांग करती है कि जिले की केला फसलों का मौसम आधारित बीमा किया जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser