Homeबुरहानपुरहादसों का रविवार: एक को ट्रक ने...

हादसों का रविवार: एक को ट्रक ने कुचला, दूसरा नदी में समाया… दो हादसों से दहल उठा बुरहानपुर

यातायात थाने के सामने ट्रक ने ली बच्चे की जान, घाघरला में उफनती नदी में बहा 4 वर्षीय मासूम

बुरहानपुर। रविवार जिले के लिए बेहद दुखद रहा। अलग-अलग दो हादसों में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। एक हादसा शहर के बहादरपुर रोड पर यातायात थाने के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बालक की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा नेपानगर क्षेत्र के ग्राम घाघरला में हुआ, जहां उफनती नदी पार करते समय चार वर्षीय मासूम पानी की तेज धारा में बह गया।

रविवार दोपहर बुरहानपुर-बहादरपुर मार्ग पर ट्रैफिक थाना के सामने एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार 11 वर्षीय मासूम कंटेनर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे युवक और एक अन्य बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लोकेश महाजन (25) निवासी मालीवाड़ा, बहादरपुर रविवार दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से महाजन कॉलोनी से अपने दो भांजों हितेश (11) और करण (8) को लेकर बहादरपुर स्थित घर जा रहे थे। दोपहर करीब 12.20 से 12.30 बजे के बीच जैसे ही वे ट्रैफिक थाना के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे कंटेनर क्रमांक आरजे 09 जीएफ 1188 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पीछे बैठा 11 वर्षीय हितेश महाजन कंटेनर के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लोकेश महाजन और 8 वर्षीय करण महाजन घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल लोकेश के बयान पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर लालबाग थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची, जहां घायल लोकेश महाजन के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मृतक बालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।

घाघरला में नदी बनी काल, इकलौते बेटे की डूबने से मौत 

दूसरी घटना नेपानगर क्षेत्र के ग्राम घाघरला में हुई। यहां 4 वर्षीय सार्थक, पिता संजय, खेत से लौटते समय अपनी बहनों के साथ गांव की ओर आ रहा था। रास्ते में उफनती नदी पार करते समय तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घंटों तक तलाश अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मासूम का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि सार्थक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। घटना की सूचना पर नावरा पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles