बुरहानपुर। खकनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में महिला के शव के साथ हुई घिनौनी हरकत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रूम के बाहर रखे शव को एक युवक ने पहले छेड़ा, फिर स्ट्रेचर से उठाकर घसीटता हुआ ले गया। कुछ देर बाद शव को जमीन पर पटककर वहां से फरार हो गया। पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना अप्रैल 2024 की है, लेकिन विभाग ने इसे दबाकर रखा। अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
CCTV फुटेज में जो दिखा, उसने सबको दहला दिया
दरअसल 18 अप्रैल 2024 की सुबह करीब 6:45 से 7:05 बजे के बीच की घटना है। सीएचसी के पोस्टमार्टम रूम के बाहर स्ट्रेचर पर महिला का शव रखा था। तभी एक युवक वहां पहुंचा। उसने पहले इधर-उधर नजर दौड़ाई। फिर शव के पास जाकर झुकने लगा। थोड़ी देर बाद उसने शव को पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। सीसीटीवी में साफ दिखा कि वह शव को घसीटता हुआ स्ट्रेचर से नीचे उतारता है और कुछ दूर ले जाता है। कुछ देर बाद वापस आता है और शव को जमीन पर पटककर वहां से निकल जाता है।
जांच कमेटी बनी, मामला दबा रहा स्टाफ
करीब एक हफ्ते पहले जब यह वीडियो टेक्निकल टीम ने चेक किया तो मामला खुला। टीम ने बीएमओ डॉ. आद्या डावर को इसकी जानकारी दी। वीडियो कलेक्टर हर्ष सिंह तक पहुंचा तो उन्होंने तुरंत जांच समिति बनाई। समिति ने घटनास्थल का वेरिफिकेशन किया, रिकॉर्ड खंगाले और रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में घटना सही पाई गई।
अस्पताल स्टाफ इस हरकत से घबराया हुआ था। नर्सिंग स्टाफ भी हैरान था, लेकिन विभाग ने पूरा मामला दबाए रखा। सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा का कहना था कि इस संबंध में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि अब इसे स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी गिरफ्तार
7 अक्टूबर 2025 को बीएमओ डॉ. आद्या डावर ने खकनार थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 459/2025 धारा 297 भादवि के तहत केस दर्ज हुआ। थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने तुरंत टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी निलेश पिता अब्बर, उम्र 25 साल, जाति भिलाला, निवासी तंगियापाट (भौराघाट) निकला। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया।
एएसपी बोले – वीडियो वायरल, आरोपी कबूल कर चुका है जुर्म
एएसपी अंतरसिंह कनेश ने बताया कि घटना पिछले साल की है। हाल ही में वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने शव से छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव, उनि रामेश्वर बकोरिया, सउनि मनीष कुमार, तारक अली, प्रआर राजकुमार वर्मा, अमित कुमार अवस्थी, मेलसिंह सोलंकी और आरक्षक जितेंद्र चौहान की सराहनीय भूमिका रही।