बुरहानपुर। गुरुवार देर रात बुरहानपुर जिले के ग्राम डाभियाखेड़ा में ऐसी घटना हुई जिसने पूरे गांव को दहला दिया। श्रवण माधव बोड़से के घर में रखी वॉशिंग मशीन से अचानक कोबरा सांप निकल आया। रात करीब 11 बजे जब घरवालों ने मशीन से अजीब आवाज सुनी तो वे घबरा गए। झांककर देखा तो अंदर से फुफकार मारता जहरीला कोबरा दिखाई दिया।
बोड़से परिवार घबराकर तुरंत बाहर भागा और आसपास के लोगों को बुलाया। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। तभी किसी ने स्थानीय सर्प मित्र खेमसिंह राठौड़ को सूचना दी। रात का समय और बारिश के बीच खेमसिंह मौके पर पहुंचे और पूरे धैर्य के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
सर्प मित्र ने दिखाया साहस
खेमसिंह ने पहले वॉशिंग मशीन को सावधानीपूर्वक खाली कराया और फिर स्पेशल स्टिक की मदद से कोबरा को धीरे-धीरे बाहर निकाला। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा सुरक्षित काबू में आ गया। शुक्रवार सुबह उसे पास के जंगल में छोड़ दिया गया।
खेमसिंह राठौड़ का कहना है— बरसात के मौसम में सांप अक्सर अपने बिल छोड़कर सूखी जगहों की तलाश में घरों और दुकानों में पहुंच जाते हैं। ऐसे हालात में घबराना नहीं चाहिए और न ही सांप को मारना चाहिए। तुरंत विशेषज्ञ को बुलाना ही सही उपाय है।
वन विभाग की अपील
डाभियाखेड़ा गांव नेपानगर वन क्षेत्र से सटा हुआ है। इस इलाके में बारिश के दिनों में सांप और अजगर जैसे सरीसृप आम तौर पर देखे जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप को मारें नहीं, बल्कि सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें। विभाग का कहना है कि इस तरह न सिर्फ लोगों की जान सुरक्षित रहती है बल्कि वन्य जीव संरक्षण भी होता है।
गांव में बनी चर्चा
इस घटना के बाद गांवभर में कोबरा निकलने की चर्चा रही। लोग आपस में कहते रहे कि अगर समय पर सर्प मित्र को न बुलाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बोड़से परिवार ने राहत की सांस ली और खेमसिंह का आभार जताया।