Homeबुरहानपुरएप्पल प्लेनेट शोरूम में लाखों की सेंधमारी...

एप्पल प्लेनेट शोरूम में लाखों की सेंधमारी का खुलासा: 21 साल का आरोपी गिरफ्तार, 3.20 लाख का माल बरामद

आरी-संबल से शटर काटकर घुसा था दुकान में, आईफोन-आईपैड सहित महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर किया था हाथ साफ

बुरहानपुर। लालबाग थाना क्षेत्र की सिंधी बस्ती स्थित एप्पल प्लेनेट मोबाइल शोरूम में ताला तोड़कर लाखों रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 16-17 अप्रैल की दरमियानी रात शोरूम का शटर आरी और संबल से काटकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अब तक करीब 3.20 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है, जबकि चोरी के कुछ सामान की तलाश अभी जारी है।

Sadaiv News
सिंधी बस्ती स्थित एप्पल प्लेनेट शोरूम में लाखों की चोरी का लालबाग पुलिस ने खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी किशन पिता मांगीलाल बारेला, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम चिड़ियापानी पिपरी, थाना शाहपुर ने पूछताछ में चोरी करना कबूल किया है। आरोपी ने चोरी किए गए सामान में से करीब 33 हजार रुपए का माल बेच दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का माल किसे बेचा गया और वारदात में किसी अन्य की भूमिका तो नहीं थी।

रात में दुकान बंद की, सुबह ताले टूटे मिले

फरियादी मयंक धर्मशी पिता अरविंद, उम्र 44 वर्ष, निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी बुरहानपुर ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे वे अपनी मोबाइल दुकान बंद कर घर चले गए थे। 17 अप्रैल की सुबह करीब 6.30 बजे दुकान पर पानी का कैम्पर रखने वाले गोलू जैसवाल ने फोन कर सूचना दी कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही फरियादी दुकान पहुंचे। वहां देखा तो शटर आधा खुला था और ताले टूटे पड़े थे। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जब सामान चेक किया गया तो दुकान से आईफोन, आईपैड, लैपटॉप एडाप्टर, ग्राहक का लैपटॉप, ओप्पो मोबाइल और एप्पल कंपनी की एसेसरीज गायब मिलीं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

शटर काटकर अंदर घुसा, महंगे मोबाइल और एसेसरीज चोरी की

एएसपी अंतर सिंह कनेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी किशन बारेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि 16-17 अप्रैल की दरमियानी रात वह अपने बड़े भाई जेकेराम की बाइक लेकर सिंधी बस्ती स्थित एप्पल प्लेनेट शोरूम पहुंचा था। वहां उसने आरी और संबल की मदद से शटर काटा और तोड़ा, फिर दुकान के अंदर घुसकर महंगा सामान चोरी कर लिया।

चोरी का कुल माल 3.53 लाख का, 3.20 लाख बरामद

पुलिस के अनुसार दुकान से चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 53 हजार 443 रुपए आंकी गई है। इसमें से अब तक करीब 3 लाख 20 हजार रुपए का माल बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने चोरी के कुछ सामान को बेच दिया था, जिसकी कीमत करीब 33 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि चोरी का माल कहां और किसे बेचा गया। बरामदगी के साथ पुलिस अब शेष सामान की तलाश में जुटी है।

ये सामान हुआ था चोरी

दुकान से चोरी गए सामान में प्रमुख रूप से आईफोन, आईपैड, ओप्पो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, एप्पल कंपनी के टैबलेट, आईफोन मेकबुक चार्जर एडाप्टर, कार चार्जर, एप्पल ईयरफोन, आईपॉड, दो पावर बैंक, लैपटॉप बैग और अन्य एप्पल एसेसरीज शामिल थीं। फरियादी ने शिकायत में बताया था कि दुकान से आईफोन 17-256 जीबी सेज कलर, आईफोन 16-128 जीबी सफेद कलर, एप्पल कंपनी के आईपैड, पुराना आईपैड, लैपटॉप एडाप्टर, ग्राहक का लैपटॉप, ओप्पो मोबाइल और अन्य सामान गायब मिला था।

साइबर सेल और लालबाग पुलिस की संयुक्त मेहनत से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज की। संदिग्ध गतिविधियों, तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना को आधार बनाकर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की पूरी कहानी पुलिस के सामने रख दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अभी और पूछताछ की जा रही है। चोरी का शेष माल बरामद करने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

टीम में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक अजय बारुले, प्रधान आरक्षक भरत देशमुख, आरक्षक नितेश सपकाडे, आरक्षक दिपांशु पटेल, आरक्षक महेश प्रजापति सहित साइबर सेल से आरक्षक दुर्गेश पटेल और शक्ति तोमर शामिल रहे।

बड़ी बात- वारदात में कौन मददगार?

लाखों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी की इस वारदात ने शहर के व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी ने चोरी का माल किन लोगों को बेचा और क्या इस वारदात में कोई और मददगार भी शामिल था।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles