Homeबुरहानपुरअब हर थाने में लगेगा क्यूआर कोड,...

अब हर थाने में लगेगा क्यूआर कोड, शिकायत सीधे पहुंचेगी अफसरों तक

- नए एसपी आशुतोष बागरी ने संभाली बुरहानपुर की कमान, बोले- पीड़ित को राहत और अपराधियों पर सख्ती प्राथमिकता

बुरहानपुर। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने गुरुवार को पदभार संभालते ही पुलिसिंग को लेकर अपना विजन साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में आमजन को न्याय दिलाना, शिकायतों का त्वरित निराकरण, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने जिले के हर थाने में क्यूआर कोड व्यवस्था लागू करने की बात कही, ताकि थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचा सके।

Sadaiv News
नवागत एसपी आशुतोष बागरी ने बुरहानपुर में शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए QR कोड व्यवस्था लागू करने की बात कही।

मध्यप्रदेश गृह विभाग द्वारा पांच दिन पहले तीन आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसी आदेश के तहत 17वीं बटालियन भिंड के कमांडेंट आशुतोष बागरी को बुरहानपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया। पूर्व एसपी देवेंद्र पाटीदार का 2 मई को झाबुआ तबादला होने के बाद से जिले में एसपी का पद खाली था। गुरुवार को बागरी ने बुरहानपुर पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया।

पहले भी संभाल चुके हैं जिले का प्रभार

एसपी आशुतोष बागरी इससे पहले भी करीब 45 दिनों तक बुरहानपुर जिले के एसपी का प्रभार संभाल चुके हैं। उस समय तत्कालीन एसपी देवेंद्र पाटीदार के ट्रेनिंग पर जाने के कारण उन्हें जिले की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान उन्होंने गणेश पांडालों में क्यूआर कोड की व्यवस्था शुरू की थी। पांडालों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से आमजन सीधे पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकते थे। इस पहल का सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अब बागरी इसे थानों तक ले जाना चाहते हैं।

थाने में सुनवाई नहीं हुई तो वरिष्ठ अधिकारी करेंगे संपर्क

एसपी आशुतोष बागरी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की थाने में सुनवाई नहीं होती है तो वह थाने में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर अपनी समस्या दर्ज करा सकेगा। शिकायत सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी स्वयं संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उसकी समस्या सुनेंगे और यह पता करेंगे कि थाने में सुनवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पीड़ित को राहत देना भी है। कोई अपराध होता है तो उसका समय पर निराकरण हो और पीड़ित व्यक्ति को न्याय मिले, यह पुलिस की पहली जिम्मेदारी रहेगी।

ट्रैफिक सुधार और जनसंपर्क पर भी फोकस

नवागत एसपी श्री बागरी ने कहा कि बुरहानपुर शांत और जागरूक नागरिकों का शहर है। यहां पुलिस आमजन से संवाद बढ़ाएगी और सम्मेलन व जनसंपर्क के माध्यम से लोगों से सीधे जुड़ेगी। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

अपराधियों को साफ संदेश

एसपी श्री बागरी ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, लेकिन असामाजिक तत्वों और अपराधियों के लिए कोई नरमी नहीं होगी। यदि किसी ने शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने या अवैध गतिविधियों में शामिल होने की कोशिश की तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles