बुरहानपुर। नगर निगम के एम.आई.सी. हॉल में महापौर माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में मेयर इन कौंसिल (एम.आई.सी.) की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एम.आई.सी. चेयरमैन संध्या राजेश शिवहरे समेत तमाम पार्षद और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बुरहानपुर शहर के विकास को नई गति देने वाले कुल 8 करोड़ 26 लाख रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। महापौर माधुरी पटेल ने बताया कि नगर निगम द्वारा गत बैठक में पारित प्रस्तावों की कार्यवाही पूरी हो चुकी है, और अब शहर के लिए नई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में सबसे बड़ा निर्णय अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत बुरहानपुर नगर निगम जल आवर्धन योजना को लेकर लिया गया। इस योजना की कुल लागत राशि 4,93,17,369/- रु. है। यह परियोजना शहर में नागरिकों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाई जाएगी। महापौर श्रीमती पटेल ने कहा कि जल ही जीवन है, और यह योजना हर घर तक जल पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
मरिचिका उद्यान होगा और भव्य — 3.33 करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण
बैठक में पारित दूसरा प्रमुख प्रस्ताव मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास कार्य (चतुर्थ चरण) के तहत मरिचिका उद्यान के सौंदर्यीकरण से संबंधित रहा। इस योजना की अनुमानित लागत 333.91 लाख (लगभग 3.33 करोड़) निर्धारित की गई है। महापौर ने बताया कि मरिचिका उद्यान को शहर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बच्चों के खेलने के उपकरण और हरे-भरे लैंडस्केप की व्यवस्था की जाएगी।
शहर में होंगे कई निर्माण एवं सुधार कार्य
महापौर ने बताया कि बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
सड़क निर्माण, नालियों के उन्नयन, पेयजल पाइपलाइन सुधार, और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य बुरहानपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एम.आई.सी. चेयरमैन संध्या राजेश शिवहरे, पार्षद भरत इंगले, धनराज महाजन, अनिल विष्पुते, नितेश रोशन दलाल, एजाज असरफी, निगम लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, सहायक आयुक्त रितेश पाटीदार, सहायक यंत्री गोपाल महाजन, संजय शाह, सचिव शाखा प्रभारी वीरेन्द्र रवाये, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोरे सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बुरहानपुर बनेगा स्मार्ट और सशक्त
निगम के सभी विभाग मिलकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए काम कर रहे हैं। हमारे शहर की पहचान अब स्वच्छता और विकास से होगी। बुरहानपुर को स्मार्ट और सशक्त नगर बनाना हमारा संकल्प है। हर नागरिक की भागीदारी इस दिशा में सबसे अहम कड़ी है। – श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, महापौर नपानि