Homeबुरहानपुरखराब सड़कों पर फूटा गुस्सा: कांग्रेस का...

खराब सड़कों पर फूटा गुस्सा: कांग्रेस का मौन प्रदर्शन, युवाओं ने चंदा कर भरे गड्ढे

17 साल की छात्रा की मौत से भड़का आक्रोश, जनता बोली—हमें चाहिए सिर्फ अच्छी सड़कें

  • जनता का सवाल—करोड़ों की स्वीकृति के बाद भी क्यों जर्जर हैं सड़कें?

बुरहानपुर। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर जनता का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। 17 वर्षीय छात्रा कीर्ति गजानन सूर्यवंशी की सड़क हादसे में मौत के बाद से विरोध लगातार तेज हो गया है। शुक्रवार को अलग-अलग तरीकों से आक्रोश सामने आया—जहाँ जिला कांग्रेस कमेटी ने सिंधी बस्ती चौराहे पर मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया, वहीं कुछ युवाओं ने अपने स्तर पर चंदा इकट्ठा कर सड़क के गड्ढे भर दिए।

युवाओं का श्रमदान: “हमें चाहिए सिर्फ अच्छी सड़कें”

शुक्रवार दोपहर सिंधी बस्ती चौराहे पर रोहित वाने, डॉ. कार्तिक निंभोरे, वैभव राठौर, मुरली संन्यास, शुभम चौधरी, अमर चंदेल जैसे युवा हाथों में तख्तियां लेकर जमा हुए। इन तख्तियों पर लिखा था— सड़क दो, सुरक्षा दो.., खुद्दारी दिखाओ, गड्ढे मिटाओ युवाओं ने चंदा इकट्ठा कर सड़क के बड़े-बड़े गड्ढे भरवाए और खुद भी श्रमदान किया। उनका कहना था कि शहर की सड़कें अब जानलेवा बन चुकी हैं। हमें राजनीति नहीं करनी, बस अच्छी और सुरक्षित सड़कें चाहिए।

कांग्रेस का मौन प्रदर्शन

शाम 5.30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सिंधी बस्ती चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने मुंह पर काली पट्टी बांधी और हाथों में सवाल लिखी तख्तियां उठाईं। कांग्रेस जिला प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल ने कहा— सड़क हादसों से मासूमों की जान जा रही है। आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे? कितने और हादसों के बाद सड़कें ठीक होंगी?

स्वीकृति मिली, काम अधूरा

जानकारी के अनुसार शहर में करोड़ों रुपये की लागत से कई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। लेकिन बरसात और जलावर्धन योजना-सीवरेज खुदाई के कारण सड़कें दुरुस्त नहीं हो पाई हैं। खोदी गई सड़कों को भरवाने का काम भी अधूरा पड़ा है। यही लापरवाही अब जनाक्रोश का कारण बन रही है।

जिम्मेदार कब देंगे जवाब?

छात्रा कीर्ति की मौत और गणेश प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाओं ने जनता के आक्रोश को और गहरा कर दिया है। लोग सवाल कर रहे हैं कि जब करोड़ों की स्वीकृति मिल चुकी है तो फिर सड़कें अब तक क्यों नहीं बनीं? और कब तक शहरवासी गड्ढों में गिरकर अपनी जान गंवाते रहेंगे?

3-4 दिन में मार्गों को दुरुस्त करें: अर्चना चिटनिस

विधायक एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने जर्जर मार्गों पर नाराज़गी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि 3-4 दिन के भीतर मरम्मत कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि बारिश और लापरवाही के कारण सड़कों की स्थिति बिगड़ी है, दोषियों पर कार्यवाही कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए।

चिटनिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री रविन्द्र वर्मा, एसडीएम अविनाश सोनी सहित अधिकारियों के साथ बैठक कर निरीक्षण किया। उनके निर्देश के तुरंत बाद मार्गों की मरम्मत शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि मप्र–महाराष्ट्र सीमा (लोनी) तक 8.65 किमी सीमेंट कंक्रीट मार्ग के निर्माण के लिए 54.13 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। त्यौहारों से पूर्व जनता को परेशानी न हो, इसके लिए कार्य समय पर पूरा करने के आदेश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, नरहरी दीक्षित, विनोद चौकसे, योगेश महाजन, मनोज महाजन, रूद्रेश्वर एंडोले, विनोद कोली, रवि काले, सुरेश लोंडे, दीपक महाजन, विठ्ठल चौधरी, रूपेश लिहनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन का साधुवाद, नेताओं पर बरसे अजयसिंह रघुवंशी

बुरहानपुर। नगर की जर्जर सड़कों को लेकर व्याप्त जनाक्रोश पर कांग्रेस नेता अजयसिंह रघुवंशी ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए भाजपा नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से एक होनहार बेटी की जान गई और गणेश उत्सव के लिए ले जाई जा रही प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन इसके बावजूद भाजपा नेता मौन रहे।

रघुवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा के फोटोबाज और नोटंकीबाज नेताओं को जनता की फिक्र नहीं है। केवल घोषणाएं करने और अखबारों में फोटो छपवाने में इन्हें रुचि है। इनकी लापरवाही ने जिले की जनता को दुख झेलने पर मजबूर किया और एक बच्ची की जान भी चली गई। उन्होंने कहा कि भला हो प्रशासन का, जिसने तत्काल सड़कों के पेचवर्क का कार्य शुरू कर दिया। रघुवंशी ने अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि समय आने पर जनता ही इन नेताओं को जवाब देगी।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles