-
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची वार्ड नंबर 3 में, 3 घरों के 8 कंटेनरों में मिला डेंगू मच्छर का लार्वा, तुरंत किया गया नष्ट
बुरहानपुर। शाहपुर में डेंगू का खतरा सिर उठाने लगा है। बरसात की पहली फुहारों के साथ ही बीमारियों की बाढ़ आ गई है। वार्ड नंबर 3 के बोदडे परिवार में 3 सदस्य और एक अन्य व्यक्ति को डेंगू जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मरीज निजी अस्पताल में इलाजरत हैं।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की रैपिड एक्शन टीम ने क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए घर-घर सर्वे किया। इस दौरान बोदडे परिवार सहित तीन घरों में रखे कूलर, पानी की टंकी और अन्य बर्तनों में 8 कंटेनरों में एडीज मच्छर का लार्वा मिला। मच्छर साफ पानी में पनपता है, और यह डेंगू, चिकनगुनिया जैसे घातक बुखार फैलाने के लिए जिम्मेदार है। जिन कंटेनरों में लार्वा मिला, उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
10 बुखार के मरीजों की स्लाइड तैयार, स्वास्थ्य शिक्षा भी दी गई
सर्वे के दौरान 10 अन्य बुखार पीड़ितों की ब्लड स्लाइड बनाई गई, जिनकी जांच की जा रही है। साथ ही, लोगों को बताया गया कि किस तरह डेंगू से बचाव किया जा सकता है। एपिडेमियोलॉजिस्ट रविंद्र सिंह राजपूत ने कहा – एडीज मच्छर दिन में काटता है और केवल 7 से 10 दिनों में अंडे से व्यस्क मच्छर बन जाता है। एक बार किसी मरीज को काटने के बाद यह संक्रमण तेजी से फैलाता है।
नगर पंचायत को विशेष सफाई अभियान के निर्देश
जैसे ही वार्ड नंबर 3 में लार्वा मिलने की पुष्टि हुई, स्वास्थ्य विभाग ने नगर पंचायत को तत्काल सूचना भेजी। वार्ड में विशेष सफाई, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. वर्मा ने बताया– लार्वा सर्वे की प्रक्रिया अगले 7 दिनों तक लगातार चलेगी। स्वास्थ्य टीम रोज क्षेत्र में पहुंचेगी, घर-घर जाकर जांच करेगी।
जानिए डेंगू कैसे फैलता है, और इससे कैसे बचें
डेंगू फैलाने वाला एडीज एजिप्टी मच्छर सामान्य मच्छर से अलग होता है। यह साफ पानी में पनपता है और दिन के समय ही काटता है। मच्छर का जीवनचक्र: अंडा → लार्वा → प्यूपा → व्यस्क मच्छर (7 दिन में पूरा चक्र)
डेंगू से बचाव के लिए अपनाएं ये 6 उपाय
• घर में और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें
• कूलर, गमले, टंकी, पुराने टायर की नियमित सफाई करें
• फुल आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का प्रयोग करें
• रिपेलेंट या नीम के धुएं का उपयोग करें
• तेज बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द, आंखों में दर्द होने पर तुरंत जांच करवाएं
• घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएं, क्योंकि बचाव ही इलाज है
सावधानी हटी, डेंगू घुसा घर में!
बारिश अपने साथ हरियाली ही नहीं, बीमारियां भी लाती है। डेंगू का मच्छर दिखता नहीं, लेकिन वार करता है सीधा शरीर पर। शाहपुर में जो हालात बन रहे हैं, वे भविष्य की चेतावनी हैं – अगर हम अभी नहीं चेते, तो आने वाले दिन भारी पड़ सकते हैं।