बुरहानपुर। जिले में गुरूवार रात हुई बारिश के दौरान डायवर्शन रोड की पुलिया छोटी होने से इंदौर इच्छापुर हाईवे से सटे 4 घरों और एक खेत में बारिश का पानी जमा हो गया था। शुक्रवार को नेपानगर एसडीएम ने मौके का निरीक्षण किया। मुआवजा प्रकरण तैयार कर पीड़ितों को जल्द मुआवजा देने की बात कही गई। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से मांडवा में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसकी बालिका मामूली रूप से घायल हुई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि देर रात तेज हवा, बारिश के कारण सीवल में केला फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। यहां 40 से अधिक किसानों की लाखों रूपए की फसल बर्बाद हो गई। इसके अलावा मक्का और कपास को भी यहां नुकसान हुआ है।
तेज हवा आंधी बारिश के कारण देर रात सीवल क्षेत्र में केला फसल को नुकसान पहुंचा। करीब 50 हेक्टेयर से अधिक फसल बर्बाद हो गई है। जब किसान सुबह खेत में पहुंचे तो बर्बाद फसल को देखकर उनकी आंखों से आंसू निकल आए, क्योंकि दूर दूर तक केवल केले के पौधे औंधे पड़े नजर आ रहे थे। इसकी सूचना राजस्व विभाग को मिलने पर एसडीएम भागीरथ वाखला ने पटवारियों की टीम को मौके पर रवाना कर तत्काल सर्वे चालू करा दिया।
घरों, खेतों में जमा हुआ पानी, मिलेगा मुआवजा
इधर, गुरूवार रात इंदौर मुक्ताईनगर हाईवे पर पहाड़ी बरसाती नदी की निकासी का रास्ता नहीं होने से धुपगट्टा गांव में पानी भर गया था। यहां एक किसान के खेत में पानी ही पानी जमा हो गया। इसे लेकर किसान ने आक्रोश जताया। वहीं चार घरों में भी बारिश का पानी जमा हो गया। यहां से रात में पुलिस ने हाईवे के ट्रैफिक को खंडवा के बोरगांव से नेपानगर होते हुए दर्यापुर रोड पर डायवर्ट किया गया था। शुक्रवार को नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की। मुआवजा प्रकरण तैयार कराए गए हैं। एसडीएम ने कहा जल्द पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।
मांडवा में बिजली गिरने से व्यक्ति की मौत
ग्राम मांडवा में गुरूवार रात तेज बारिश, हवा चलने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अंकेश जुगड़ा 32 निवासी मांडवा की मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की 10 साल की बेटी मधु भी मामूली रूप से घायल हो गई। मृतक का शुक्रवार को नेपानगर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
केला फसल प्रभावित, सर्वे करा रहे
“सीवल में केला फसल प्रभावित हुई। सर्वे करा रहे हैं। धुपगट्टा में निरीक्षण कर मुआवजा प्रकरण तैयार कराए गए हैं। यहां के पीड़ितों को भी मुआवजा दिया जाएगा। अब आवागमन सुचारू हो गया है।
– भागीरथ वाखला, एसडीएम नेपानगर