राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

लालबाग रोड पर हादसा: गणेश प्रतिमा गिरने से खंडवा के युवक की मौत

- खराब सड़कों ने ली एक और जान, लोगों में गुस्सा; प्रशासन पर बरसे नेता

On: August 24, 2025 8:47 AM
Follow Us:
लालबाग रोड पर गणेश प्रतिमा हादसा

बुरहानपुर। शहर की टूटी-फूटी सड़कें एक बार फिर मौत का सबब बन गईं। शनिवार रात करीब 9.30 बजे लालबाग रोड पर गणेश जी की 12 फीट से अधिक ऊँची प्रतिमा गिर गई। हादसे में खंडवा निवासी शशांक जोशी (24) की जान चली गई। वह हरिगंज का रहने वाला था।

प्रतिमा लालबाग के सम्राट मौर्य आर्ट से तैयार होकर खंडवा जिले के नाई आवार इलाके ले जाई जा रही थी। पातोंडा रोड से होकर जुलूस तुलसी मॉल के पास पहुँचा ही था कि अचानक खराब सड़क और गड्ढों की वजह से प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और यह धड़ाम से गिर पड़ी। शशांक इसकी चपेट में आ गया। लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद सड़क पर उमड़ी भीड़

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सीएसपी गौरव पाटील और पुलिस टीम ने पहुँचकर भीड़ को शांत कराया। प्रतिमा उठाने और रास्ता खाली कराने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलने पर लोग, जनप्रतिनिधि निजी अस्पताल पहुंचे। एएसपी एएस कनेश, एडीएम वीर सिंह चौहान भी मौके पर पहूंचे। लोगों से चर्चा कर स्थिति को संभाला। एएसपी अंतर सिंह कनेश ने कहा कि आज लालबाग रोड पर लोग ज्यादा होने के कारण हादसा हुआ।

गुस्से में हिंदू महासभा, कांग्रेस ने भी साधा निशाना

हादसे के बाद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगने लगे। हिंदू महासभा के प्रवक्ता ओम आजाद ने कहा – शहर की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इन्हीं की वजह से खंडवा जा रही प्रतिमा गिरी और युवक की मौत हो गई। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की है। कमिश्नर और महापौर को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस ने नेता अजय सिंह रघुवंशी ने कहा- शहर में गड्ढे ही गड्ढे हैं। युवक साइड से चल रहा था। अन्य कोई घायल नहीं हुआ। शहर के गड्ढे भरे जाने चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल ने कहा – हम लगातार कह रहे थे कि गड्ढे भरे जाएँ। कल भी मांग उठाई थी, लेकिन प्रशासन मौन रहा। अब जब मौत हो गई है तो खानापूर्ति के तौर पर गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया गया।

दो दिन पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही से हादसे रुक नहीं रहे। दो दिन पहले ही इच्छापुर रोड पर भी प्रतिमा गिर गई थी। गनीमत रही कि उस समय कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। लेकिन शनिवार की रात हुई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

सवालों के घेरे में प्रशासन

लालबाग रोड और शहर की कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। लगातार शिकायतों और मांगों के बावजूद अब तक हालात जस के तस हैं। प्रतिमा विसर्जन के मौसम में ऐसे हादसों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser