बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के थाना निंबोला पुलिस ने गन्ना कटाई मजदूरों को दिलाने के बहाने महाराष्ट्र से आए किसानों को जाल में फंसाकर लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से ₹86,500 की बरामदगी की है, वहीं गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी और जमीनी दोनों स्तरों पर आक्रामक जांच शुरू की और महज कुछ ही दिनों में पूरे गैंग का भंडाफोड़ कर दिया।
कैसे हुआ लूटकांड – 15 जोड़ी मजदूर दिलाने का झांसा देकर 15 किलोमीटर दूर जंगल में ले गए
12 नवंबर 2025 को महाराष्ट्र के बीड़ जिले के खडकी घाट निवासी शशिकांत रविंद्र पाटिल अपने दो साथियों—शिवशंकर जंगले और सत्यम वाघमारे—के साथ खातला फाटा, बुरहानपुर गन्ना कटाई मजदूरों को लेने पहुंचे थे। चाय पीते समय एक अनजान व्यक्ति ने खुद को देवेन्द्र सिंह भास्कर (उतांबी, नेपानगर) बताते हुए उनसे बातचीत शुरू की और दावा किया कि उसके पास 15 जोड़ी मजदूर हैं जिन्हें कमीशन के बदले दिलवाया जा सकता है। किसानों ने मजदूर देखने की बात कही, जिस पर आरोपी उन्हें अपनी बाइक/गाड़ी से 10–15 किलोमीटर दूर जंगल जैसे सुनसान इलाके में ले गया। जैसे ही वाहन रुके, आरोपी और उसके साथी अचानक मारपीट पर उतारू हो गए और तीनों किसानों से मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
कुल लूट का हिसाब:
- शशिकांत से 1,23,000 रुपये
- शिवशंकर से 1,30,000 रुपये
- सत्यम से 15,000 रुपये
कुल लूट: ₹2,68,000 रुपये
पीड़ितों की शिकायत पर निंबोला थाने में अपराध क्रमांक 380/25 धारा 309(6), 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कैसे पकड़े गए आरोपी – सीसीटीवी, लोकल इनपुट, साइबर सेल और मुखबिर की तगड़ी भूमिका
शिकायत के बाद एसपी ने कठोर निर्देश दिए-किसी भी कीमत पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करें। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नेपानगर निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल कामले के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। रास्ते भर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय लोगों से पूछताछ। साइबर सेल से तकनीकी इनपुट लिए और अंततः मुखबिरों द्वारा दी गई पुख्ता जानकारी पर कार्रवाई करते हुए खातला फाटा क्षेत्र से चार आरोपियों को दबोच लिया। जांच में उन्होंने अपराध स्वीकार भी कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- राजेश उर्फ राजू पिता नानसिंग खरतें, आयु 32, निवासी उतांबी
- देवेंद्र उर्फ देवसिंग पिता मान्या बडोले, आयु 30, निवासी उतांबी
- सोनू पिता तुकाराम बडोले, आयु 26, निवासी गुलरपानी, बोरगांव (खंडवा)
- दीपक पिता सादु बडोले, आयु 30, निवासी गुलरपानी, बोरगांव (खंडवा)
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से नकद ₹61,500, दो मोबाइल (कुल मूल्य ₹25,000), कुल बरामदगी: ₹86,500 रुपये जप्त किया है। बाकी सामान और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निंबोला उपनिरीक्षक राहुल कामले, सउनि गुलाब कछावा, प्रआर 382 अर्जुन, प्रआर प्रमोद, प्रआर गगन, प्रआर दिपेन्द्र, चालक आर पवन ने पूरे अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।