बुरहानपुर। गुरुवार सुबह 9:12 बजे बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुंबई से कुशीनगर जा रही 22538 कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बी-3 एसी कोच से अचानक धुआं उठने लगा। यात्री घबरा गए, कोच स्टाफ ने तुरंत इमरजेंसी अलर्ट दिया और प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह ‘हॉट एक्सल’ की समस्या थी। यह तब होता है जब ब्रेक पूरी तरह से रिलीज नहीं होते और घर्षण के कारण पहियों में अत्यधिक गर्मी पैदा हो जाती है। यही वजह थी कि बी-3 कोच के पहियों से धुआं उठता दिखा। ट्रेन को तत्काल रोका गया और तकनीकी टीम को अलर्ट किया गया।
कोच को किया गया ट्रेन से अलग, यार्ड में खड़ा किया
सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने बी-3 कोच को तुरंत ट्रेन से अलग कर यार्ड में खड़ा कर दिया। कोच में यात्रा कर रहे सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से दूसरे एसी कोचों में शिफ्ट किया गया, जहां 42 खाली सीटों की व्यवस्था की गई थी।
भोपाल से भेजा जाएगा नया एसी कोच
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन में अब भोपाल से एक नया एसी कोच जोड़ा जाएगा। ताकि यात्रियों को आगे की यात्रा में किसी भी तरह की परेशानी ना हो। रेलवे इंजीनियरों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह कंट्रोल में लिया।
8:40 की जगह 9:12 पर पहुंची ट्रेन, 11:42 पर रवाना हुई
22538 कुशीनगर एक्सप्रेस का बुरहानपुर पहुंचने का समय सुबह 8:40 बजे निर्धारित था, लेकिन यह 9:12 बजे पहुंची। इसके बाद तकनीकी मरम्मत और कोच शिफ्टिंग की प्रक्रिया में ट्रेन करीब ढाई घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। अंततः ट्रेन को सुबह 11:42 बजे खंडवा की ओर रवाना किया गया।
यात्रियों को नहीं हुई कोई हानि, रेलवे की त्वरित कार्रवाई
रेलवे की त्वरित कार्रवाई और कोच में मौजूद स्टाफ की सजगता से किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। यात्रियों को सारा घटनाक्रम समझाया गया और उन्हें वैकल्पिक सीटों पर स्थानांतरित कर सफर जारी रखने दिया गया।
अब यह जानिए: हॉट एक्सल आखिर होता क्या है?
‘हॉट एक्सल’ रेलवे में एक बेहद गंभीर स्थिति होती है। जब किसी डिब्बे के पहिए अत्यधिक गर्म हो जाते हैं, तो दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। यह आमतौर पर ब्रेक जाम होने या अत्यधिक घर्षण की वजह से होता है। ऐसे मामलों में तत्काल कोच को हटाया जाता है और निरीक्षण के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाई जाती है।
कुशीनगर एक्सप्रेस में बड़ा हादसा टला: चलती ट्रेन के एसी कोच से निकला धुआं, बुरहानपुर में ढाई घंटे खड़ी रही ट्रेन
भोपाल से भेजा जाएगा नया एसी कोच, यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया; जानिए पूरी घटना कैसे घटी
On: August 4, 2025 10:10 AM