बुरहानपुर। कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई मंगलवार को उस समय भावुक हो गई जब एक 52 वर्षीय विधवा महिला अधिकारियों के सामने “इंसाफ चाहिए या इच्छा मृत्यु” की गुहार लेकर पहुंची। महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और पति की 5 एकड़ खेती की जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाया।
महिला ने बताया कि उसके पति की मौत 1 जनवरी 2002 को हो गई थी। उसके दो बच्चे हैं। पति के नाम पर गांव में 5 एकड़ खेती की जमीन थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और वर्षों तक यौन शोषण किया। बाद में उसी जमीन को बेचकर रुपयों पर कब्जा कर लिया।
धमकी और जबरन दस्तखत
महिला का आरोप है कि रुपए मांगने पर आरोपी गुंडों के साथ घर आकर धमकी देता है। उसने बताया कि 27 फरवरी 2025 को पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन सिर्फ दो घंटे बाद आरोपी घर पहुंचा और मारपीट कर कोरे स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए।
बच्चों ने भी छोड़ा साथ
महिला ने अधिकारियों से कहा अब मेरे अपने बच्चे भी मुझे साथ नहीं रख रहे। वे कहते हैं कि हमारे पिता की जमीन वापस लाओ। उम्र ज्यादा हो चुकी है, काम नहीं कर पाती। इसलिए इंसाफ चाहिए या फिर इच्छा मृत्यु।
जनसुनवाई में अफसरों का आश्वासन
मंगलवार को हुई जनसुनवाई में जिलेभर से 30 से अधिक शिकायतें सामने आईं। कुछ का निपटारा मौके पर हुआ, जबकि कई मामलों को जांच के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। विधवा महिला की फरियाद सुनकर अफसरों ने उसे उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।