बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार का दिन विकास के नाम रहा। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने संयुक्त रूप से 12 करोड़ 8 लाख 55 हजार रुपए की लागत से बनने वाले और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा, ग्रामवासियों ने जगह-जगह जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
दरअसल सांसद और विधायक ने ग्राम डोईफोडिया, साईखेड़ा कला, खकनार, पांगरी और पाढरी खड़की सहित कई स्थानों पर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। मुख्य कार्यों में 47 लाख रुपए की लागत से संत श्री नामदेव व्यायामशाला (सामुदायिक भवन), डोईफोडिया, 38.05 लाख रुपए की गौशाला, साईखेड़ा कला, 5.36 करोड़ रुपए की लागत से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खकनार का नवीन भवन, 2.75 करोड़ रुपए प्रत्येक लागत से पाढरी खड़की व पांगरी में 50 सीटर छात्रावास और 37.50 लाख रुपए की लागत से साईखेड़ा कला में अटल ग्राम सदन (नवीन पंचायत भवन)। ग्राम साईखेड़ा कला में सांसद और विधायक का लड्डुओं से तुलादान किया गया।
सांसद बोले – विकसित भारत के लिए जरूरी है गांवों का विकास
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा हमारी सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे। गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना ही विकसित भारत का आधार है।
विधायक मंजू दादू बोलीं – भाजपा सरकार ने दिया विकास को नया आयाम
विधायक मंजू दादू ने कहा कि कांग्रेस शासन में जहां गांवों में सड़क और बिजली की भारी कमी थी, वहीं अब भाजपा सरकार के आने के बाद विकास को नई रफ्तार मिली है। उन्होंने कहा आज हर गांव पक्की सड़कों से जुड़ चुका है, 24 घंटे बिजली मिल रही है, बच्चों के लिए नए स्कूल और छात्रावास बन रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार, जिनकी मंशा है कि गांव आत्मनिर्भर बनें।
विद्यार्थियों को मिली स्कूटी, सांसद-विधायक ने भी ली राइड
ग्राम खकनार और डोईफोडिया के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। स्कूटी पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। सांसद पाटील और विधायक दादू ने खुद भी स्कूटी पर बैठकर राइड का आनंद लिया और छात्रों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का विशाल जमावड़ा रहा। मुख्य रूप से उपस्थित रहे भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, वरिष्ठ नेता प्रदीप जाधव, पूर्व मंत्री संजय जाधव, पूर्व विधायक सुमित्रा कासडेकर, जयंती भाई नवलखे, जनपद उपाध्यक्ष आरती चौकसे, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल, अनिल राठौर, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील, पिंटू जाधव, ईश्वर चौहान, महेंद्र जोगी, संदीप परिहार, शुभम चौकसे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण।