बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्राम बिरोदा में रविवार देर रात भगवान श्री गणेशजी के चल समारोह में हनुमान चालीसा पाठ के दौरान माहौल बिगड़ गया। अचानक हुए पथराव से दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए। गली-मोहल्लों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को तत्काल मौके पर पहुँचना पड़ा। देर रात तक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
दरअसल गाँव बिरोदा में भगवान श्री गणेशजी के चल समारोह में हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन चल रहा था। सैकड़ों लोग इसमें शामिल थे। इसी बीच कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा माहौल बिगड़ गया। दोनों तरफ से लोग एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो गए। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आशुतोष बागरी खुद मौके पर पहुँचे। भारी पुलिस बल ने हालात संभाले और भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से सीसीटीवी डीवीआर जब्त किया गया है ताकि सच सामने आ सके। घायलों के लिए मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) दर्ज कर लिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसपी बागरी ने कहा, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में शांति बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।
विधायक ने संभाली स्थिति
झड़प की खबर मिलते ही पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनिस भी मौके पर पहुँचीं। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत की और शांति बनाए रखने की अपील की।
वर्तमान स्थिति
रविवार देर रात तक पुलिस पूरे गाँव में फ्लैग मार्च करती रही। गाँव में तनाव जरूर है, लेकिन हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फोकस पॉइंट
- हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव
- सात आरोपी गिरफ्तार
- सीसीटीवी डीवीआर जब्त
- विधायक पहुँचीं, शांति का संदेश
- इलाके में भारी पुलिस बल तैनात