-
एसडीएम और सीएसपी ने ली अहम बैठक, सुरक्षा और सुविधा दोनों पर रहेगा विशेष फोकस
बुरहानपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) के त्यौहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी के तहत गुरुवार को एसडीएम पल्लवी पौराणिक एवं सीएसपी गौरव पाटिल ने संयुक्त रूप से प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में विशेष रूप से ईदगाह में पढ़ी जाने वाली नमाज के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि नमाज से पूर्व स्थल की साफ-सफाई, पानी, बिजली, पार्किंग, शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
सुरक्षा होगी चाक-चौबंद
सीएसपी गौरव पाटिल ने स्पष्ट किया कि नमाज स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, फिक्स पॉइंट लगाए जाएंगे और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरे और पेट्रोलिंग को लेकर भी योजनाबद्ध तैयारी की जा रही है।
समस्या नहीं समाधान चाहिए – पल्लवी पौराणिक
एसडीएम पल्लवी पौराणिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याएं समय आने पर नहीं, पहले ही चिन्हित कर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस अहम बैठक में निगम कमिश्नर संदीप श्रीवास्तव, कोतवाली, शिकारपुरा, लालबाग, गणपति नाका थानों के थाना प्रभारी, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।