Homeबुरहानपुरइंजीनियर पर परिषद का वार — “फाइलें...

इंजीनियर पर परिषद का वार — “फाइलें नहीं बनतीं, बात नहीं सुनते” कहकर किया तबादले का प्रस्ताव

बैठक के नाम पर बवाल, प्रस्तावों के बीच इंजीनियर का ‘स्थानांतरण प्रस्ताव’ पारित, माइक नदारद होने पर वार्ड 4 पार्षद ने जमकर सुनाई

बुरहानपुर। नेपानगर नगर पालिका परिषद की शुक्रवार को हुई बैठक ने बवाल का रूप ले लिया। एपीजे अब्दुल कलाम भवन में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक कुछ ही देर में हंगामे में तब्दील हो गई। वजह — न माइक की व्यवस्था, न इंजीनियर की! पार्षदों ने नाराज होकर कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और आखिरकार इंजीनियर प्रकाश बड़वाहे के स्थानांतरण की सिफारिश का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में सबसे पहले विवाद माइक न होने पर हुआ। वार्ड नंबर 4 के पार्षद ने खड़े होकर सवाल दागा जब माइक नहीं है तो हम जनता की आवाज कैसे उठाएं? जवाब किसी के पास नहीं था, चेहरों पर बेशर्मी और चुप्पी थी। पार्षद गला फाड़-फाड़ कर बोले और अफसर चुपचाप सुनते रहे।
इंजीनियर बैठक छोड़ पौधारोपण में व्यस्त!
इस बीच बड़ा मुद्दा इंजीनियर प्रकाश बड़वाहे की ‘कार्यशैली’ को लेकर उठा। पार्षदों का आरोप था कि बैठक शुरू होते ही इंजीनियर साहब कुछ देर में उठे और भवन के बाहर “पौधारोपण कर रहे हैं” यह कहकर चलते बने। किसी भी प्रस्ताव या तकनीकी विषय पर वह उपस्थित नहीं थे। पार्षदों ने नाराज होकर उन्हें वापस बुलाया, और जमकर सुनाया।
एकमत से प्रस्ताव: इंजीनियर का ट्रांसफर कराओ
हालात तब बेकाबू हो गए जब 24 में से सभी पार्षदों ने इंजीनियर के खिलाफ स्थानांतरण प्रस्ताव का समर्थन कर दिया। अध्यक्ष भारती विनोद पाटील और सीएमओ मोहन अलावा ने भी सहमति जताई। प्रस्ताव में लिखा गया कि — इंजीनियर प्रकाश बड़वाहे की कार्यशैली असंतोषजनक है। वे फाइलें तैयार नहीं करते, पार्षदों की बात नहीं सुनते, और परिषद की कार्यवाही में सहयोग नहीं करते। उनका तत्काल नेपानगर से अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए।
हम बोलते हैं, ये सुनते नहीं — पार्षदों की गूंजती आवाज
पार्षदों का कहना है कि ये कोई पहली बार नहीं है। कई महीनों से हम शिकायत कर रहे हैं कि इंजीनियर फाइलें लंबित रखते हैं, कोई काम समय पर नहीं होता। न सड़क बनती है, न नाली सफाई होती है, और न ही जवाब मिलता है। बैठक में पार्षदों की नाराजगी इतनी अधिक थी कि किसी भी मुद्दे पर बहस नहीं, बल्कि सीधा फैसला लिया गया।
बैठक में 9 प्रस्ताव हुए पारित, कुछ मुद्दों को अगली बैठक तक टालने पर बनी सहमति
हंगामे के बीच परिषद की कार्यवाही जारी रही। कुल 9 प्रस्तावों पर सहमति बनी, जिनमें जमीन आवंटन, स्थानांतरण, और कुछ तकनीकी विकास कार्यों के मुद्दे शामिल थे। कुछ प्रस्तावों को अगली बैठक तक के लिए टाल दिया गया।
वर्जन-
इंजीनियर के स्थानांतरण की अनुशंसा
पार्षदों की नाराजगी के कारण इंजीनियर के स्थानांतरण की अनुशंसा किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। पार्षदों का आरोप है कि वह इंजीनियर पार्षदों की सुनते नहीं है।
– भारती विनोद पाटील, अध्यक्ष नगर पालिका नेपानगर
पार्षदों ने जताई नाराजी
पार्षदों ने बैठक में नाराजगी जताई। इसलिए प्रस्ताव पारित किया गया है। वहीं उन्होंने कहा बैठक में 9 बिंदु रखे गए थे सभी पर सहमति बनी।
– मोहन अलावा, सीएमओ नगर पालिका नेपानगर

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles