Homeबुरहानपुरबुरहानपुर से उठी मातृशक्ति की हुंकार: जिजाऊ...

बुरहानपुर से उठी मातृशक्ति की हुंकार: जिजाऊ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अधिवेशन में उमड़ा जनसैलाब

देशभर से पहुंचीं हजारों महिलाएं, शहर में निकली भव्य रैली; आज महिला सशक्तिकरण पर होगा मंथन, मंत्री लखन पटेल रहेंगे मुख्य अतिथि

बुरहानपुर | शहर ने शनिवार शाम एक ऐतिहासिक नजारा देखा, जब मराठा सेवा संघ की जिजाऊ ब्रिगेड के 2 दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का आगाज मातृशक्ति की जबरदस्त भागीदारी के साथ हुआ। शिकारपुरा से निकली भव्य वाहन रैली में हजारों महिलाएं शामिल हुईं। ढोल-ताशों, जयघोष और उत्साह के बीच निकली इस रैली ने पूरे शहर में ऊर्जा और जागरूकता का माहौल बना दिया।

Sadaiv News
जिजाउ ब्रिगेड अधिवेशन: बुरहानपुर में मातृशक्ति की भव्य रैली

रैली की शुरुआत शिकारपुरा स्थित जीजा माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद रैली शिकारपुरा से राजपुरा, बस स्टैंड, शनवारा रोड, सिंधी बस्ती होते हुए बहादरपुर रोड स्थित परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम पहुंची। रास्तेभर लोगों ने इस अनूठे आयोजन का स्वागत किया।

देशभर से आईं महिलाएं, एक मंच पर जुटा नेतृत्व

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से एक हजार से अधिक महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। आयोजन ने बुरहानपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही महिला नेतृत्व की ताकत को भी मजबूती से सामने रखा।

खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रैली का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि समाज में नई चेतना का सूत्रपात है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की यह भागीदारी समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

महिलाओं के विचारों से बदलेगा समाज का नजरिया

मराठा सेवा संघ के प्रदेशाध्यक्ष आरएस पाटील और जिजाऊ ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष कोमल देशमुख ने बताया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की वर्तमान स्थिति, अधिकार और सामाजिक भूमिका पर गंभीर चर्चा करना है।

रविवार को आयोजित मुख्य समारोह में अहिल्याबाई होल्कर, जिजा माता और सावित्रीबाई फुले के विचारों पर आधारित व्याख्यान होंगे। साथ ही महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर खुलकर संवाद होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

पहले दिन शाम को ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। देशभर से आई महिलाओं ने अपनी परंपराओं और संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

रविवार को होगा मुख्य आयोजन, मंत्री रहेंगे शामिल

अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे शनिवार रात सचखंड एक्सप्रेस से बुरहानपुर पहुंचे। सुबह 10 बजे परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां महिलाओं के मुद्दों पर मंथन और विचार-विमर्श किया जाएगा।

लंबे समय से चल रही थी तैयारी, अब दिखा असर

आयोजन को लेकर लंबे समय से तैयारियां की जा रही थीं। समाज के पदाधिकारियों ने इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और समन्वय किया। आयोजकों का कहना है कि यह अधिवेशन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अभियान है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

बुरहानपुर बना मातृशक्ति का राष्ट्रीय मंच

जिजाऊ ब्रिगेड का यह राष्ट्रीय अधिवेशन बुरहानपुर के लिए गर्व का विषय बन गया है। जिस तरह से हजारों महिलाओं ने एकजुट होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वह आने वाले समय में सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखेगा।

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles