-
डॉक्टर बोलीं – इलाज पूरा हुआ, अचानक बिगड़ी तबीयत
बुरहानपुर। शहर के लालबाग रोड स्थित हकीमी हॉस्पिटल में मंगलवार शाम उस वक्त हंगामा मच गया जब गर्भाशय ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति बिगड़ती देख लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया।
टीआई जादौन ने बताया हकीमी अस्पताल से सूचना मिली थी कि उपचार के दौरान एक महिला की मौत हुई है। पैनल डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुबह भर्ती, शाम को मौत — परिजन बोले, जवाब नहीं मिला
मृतका के परिजन आकाश चौहान ने बताया सुबह आठ बजे हम वैष्णवी को गर्भाशय के ऑपरेशन के लिए अस्पताल लाए थे। डॉक्टरों ने दोपहर दो बजे ऑपरेशन शुरू किया और शाम छह बजे बताया कि उसकी मौत हो गई। यह सीधी लापरवाही है। अस्पताल को तुरंत सील किया जाए। गुस्साए परिजन और मोहल्लेवासी अस्पताल के बाहर नारेबाजी करते रहे। भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और सुरक्षा के लिए अस्पताल के बाहर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भी पहुंचे, बोले — महिला स्वस्थ थी, जांच जरूरी
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा चौहान परिवार से जुड़ी यह महिला बिल्कुल स्वस्थ अवस्था में अस्पताल लाई गई थी। डॉक्टर का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान तबीयत बिगड़ी, लेकिन परिजनों के मुताबिक यह लापरवाही है। प्रशासन को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। यह किसी सदमे से कम नहीं।
डॉक्टर बोलीं — ऑपरेशन सफल था, आखिरी क्षणों में हुई दिक्कत
वहीं हकीमी हॉस्पिटल की डॉ. रेहाना बोहरा ने परिजनों के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा यह हमारी पुरानी मरीज थीं। छह-आठ महीनों से गर्भाशय की समस्या थी। पहले भी तीन बार ऑपरेशन किया जा चुका था, यह चौथा और अंतिम स्टेज था। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा था, लेकिन सर्जरी खत्म होते ही मरीज को अचानक चेस्ट पेन हुआ। फेफड़ों में पानी भर गया और दिल की गति रुक गई। हमने दो घंटे तक तीन वेंटिलेटर पर इलाज किया, लेकिन बचा नहीं पाए। यह दुर्भाग्यपूर्ण था, पर लापरवाही नहीं। उन्होंने आगे कहा कि हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल का चेंबर तोड़ दिया, स्टाफ को भी धमकाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पैनल पोस्टमार्टम टीम से रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। टीआई जादौन ने कहा मामले की जांच पूरी पारदर्शिता से होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लापरवाही या अन्य पहलू की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।