बुरहानपुर। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे नेपानगर विधानसभा के रतागढ़ क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान जंगली सूअर की तस्करी कर रहे दो युवकों को रोकने की कोशिश की गई। दोनों युवक बाइक पर बोरी में बांधकर जंगली सूअर को नेपानगर की ओर ले जा रहे थे।
जैसे ही नेपा थाना पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, एक युवक बाइक लेकर भागने लगा और तेज रफ्तार में उसका संतुलन बिगड़ गया। बाइक फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान टिड्डा पिता भीवन, निवासी भीलखेड़ी सराय, जिला खंडवा के रूप में हुई है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर देर रात उसे बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागा दूसरा आरोपी
इस बीच, बाइक पर सवार दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस और वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
केले के खेत से पकड़कर लाए थे जंगली सूअर
वन विभाग के एसडीओ विक्रम सुलिया ने बताया कि आरोपी युवक रतागढ़ के पास एक केले के खेत से जंगली सूअर पकड़कर बोरी में बांधकर बाइक पर लादकर नेपानगर की ओर जा रहे थे। पुलिस और वन अमले को पहले से सूचना मिली थी, जिस पर कार्रवाई की गई।
जांच जारी, केस दर्ज होना बाकी
घायल युवक की गंभीर स्थिति के चलते उससे पूछताछ नहीं हो सकी है। एसडीओ ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। जैसे ही आरोपी की स्थिति संभलेगी, उससे पूछताछ की जाएगी और फरार आरोपी को भी पकड़कर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।